आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। इंजिनियरिंग वं मटेरियल साइंस के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए डॉ. अशोक कुमार के डिजाइन Disc Thermal Stress Testing Apparatus (डिस्क थर्मल स्ट्रेस टेस्टिंग उपकरण) को भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय से डिजाइन पंजीकरण प्राप्त हुआ है। इस उपकरण का डिजाइन डिजाइन्स एक्ट, 2000 तथा डिजाइन्स रूल्स, 2001 के अंतर्गत आधिकारिक रूप से पंजीकृत किया गया है।
यह डिजाइन डॉ. अशोक कुमार, शिवम कुमार एवं आशीष कुमार के नाम पर डिजाइन पंजीकरण संख्या 518296-001, क्लास 10-04 के अंतर्गत पंजीकृत हुआ है। इसका पंजीकरण 18 सितंबर 2026 को किया गया तथा प्रमाणपत्र 5 नवंबर 2026 को भारत सरकार के पेटेंट, डिजाइन एवं ट्रेडमार्क महानियंत्रक कार्यालय द्वारा जारी किया गया।
यह विशेष रूप से विकसित उपकरण विभिन्न तापीय एवं यांत्रिक परिस्थितियों में डिस्क के आकार के घटकों पर पड़ने वाले तापीय तनाव, विकृति दर, तापीय विरूपण तथा संरचनात्मक प्रतिक्रियाओं का व्यवस्थित अध्ययन करने में सहायक होगा। इसके माध्यम से विभिन्न सामग्रियों से निर्मित डिस्क पर तापमान में परिवर्तन, गर्म करने एवं ठंडा करने की दर तथा तापीय भार के प्रभावों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सकेगा।
उपकरण की प्रमुख विशेषताओं में बहुपक्षीय पारदर्शी सुरक्षा कक्ष शामिल है, जो नमूने का 360 डिग्री से निरीक्षण करने की सुविधा प्रदान करता है। इसमें डिस्क नमूने को उचित स्थिति में रखने के लिए केंद्रीय सपोर्ट स्पिंडल की व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त कंट्रोल एवं इंस्ट्रूमेंटेशन कंसोल, आपातकालीन कटऑफ स्विच, एडजस्टेबल आर्म पर 12 इंच की LED डिस्प्ले तथा आंतरिक मोटर एवं इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम के रखरखाव के लिए स्लाइडिंग पैनल जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
यह उपकरण पारंपरिक परीक्षण विधियों की सीमाओं को दूर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से विभिन्न इंजीनियरिंग सामग्रियों की तुलनात्मक जांच की जा सकेगी तथा तापमान में बदलाव और तापीय दबाव का सामग्रियों की संरचनात्मक मजबूती एवं कार्यक्षमता पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन किया जा सकेगा।
इस तकनीक का उपयोग इंजीनियरिंग अनुसंधान, मटेरियल कैरेक्टराइजेशन, थर्मल एनालिसिस तथा औद्योगिक डिजाइन के क्षेत्र में किया जा सकता है। विशेष रूप से तेजी से बदलती तापीय परिस्थितियों में कार्य करने वाले रोटेटिंग डिस्क एवं अन्य इंजीनियरिंग घटकों के लिए उपयुक्त सामग्री के चयन, डिजाइन में सुधार, सुरक्षित संचालन तापमान निर्धारित करने तथा उनकी कार्यक्षमता एवं सेवा अवधि बढ़ाने में यह उपकरण उपयोगी साबित हो सकता है।
डॉ. अशोक कुमार की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. संगीता सिंह तथा समस्त प्राध्यापक एवं गैर-शिक्षक कर्मचारियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। इस प्रकार के शोध एवं तकनीकी नवाचार उच्च शिक्षा संस्थानों में अनुसंधान की गुणवत्ता को बढ़ावा देने के साथ-साथ विद्यार्थियों एवं युवा शोधार्थियों को भी नवाचार के लिए प्रेरित करते हैं।
महाविद्यालय परिवार ने आशा व्यक्त की कि डॉ. अशोक कुमार भविष्य में भी इसी प्रकार अनुसंधान, नवाचार एवं अकादमिक क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर महाविद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करते रहेंगे।








