निरंतर हो रही भारी बारिश से मंडी शहर के लिए पेयजल आपूर्ति बाधित, जल शक्ति विभाग ने की सहयोग की अपील

0
161

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

मंडी| मंडी शहर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते एक बार फिर पेयजल संकट गहरा गया है। ब्यास और उहल नदी के जल स्तर में तेजी से हुई वृद्धि के कारण शहर की दोनों प्रमुख पेयजल योजनाएं प्रभावित हो गई हैं। यह जानकारी जल शक्ति विभाग मंडी के सहायक अभियंता रोहित गुप्ता ने मंगलवार को दी।

इस दौरान उन्होंने बताया कि ब्यास नदी में सिल्ट की मात्रा अत्यधिक बढ़ने और जलस्तर ऊंचा होने के कारण पड्डल स्थित पंप हाउस से पेयजल आपूर्ति बाधित हो गई है। साथ ही, उहल नदी में अचानक आई बाढ़ के कारण उहल पेयजल आपूर्ति योजना भी ठप हो गई है। इस स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आगामी दो दिनों तक मंडी शहर में पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहने की आशंका जताई गई है। रोहित गुप्ता ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का संयमित उपयोग करें और विभाग को इस आपात स्थिति से निपटने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने बताया कि विभाग की तकनीकी टीम दिन-रात पेयजल लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं कि जल्द से जल्द जलापूर्ति व्यवस्था बहाल की जा सके।