आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ग्रहणेश्वर मेला कमेटी देवठी, शिलाघुंड द्वारा आयोजित रिहाली मेला के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों का भी स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला यह मेला क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और लोक विरासत को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मेले में स्थानीय लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों, लोकगायकों, जनप्रतिनिधियों और देवता कमेटियों के प्रतिनिधियों की भागीदारी आपसी भाईचारे को मजबूत करती है तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ती है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जमीनी एवं प्रशासनिक समस्याओं की जानकारी मिली है। विभिन्न विभागों के डिविजन अलग-अलग प्रशासनिक क्षेत्रों में होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन समस्याओं पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करवाकर मुख्यमंत्री से चर्चा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि समग्र विकास के लिए मजबूत एवं सुव्यवस्थित प्रशासनिक ढांचा आवश्यक है।
मंत्री ने बताया कि चौपाल विधानसभा क्षेत्र में सड़क निर्माण पर करीब 130 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इनमें करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बागड़ी लिंक रोड का निर्माण भी शामिल है, जिसकी सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं तथा टेंडर और अवार्ड प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके अलावा करगोली नाला-चंबल सड़क पर 10 करोड़ रुपये, कुठार-कनौरी सड़क पर 9.5 करोड़ रुपये तथा बासाधार-ज्ञानकोट सड़क पर 9.7 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। छैला-सैंज-नेरी पूल-यशवंत नगर सड़क के लिए 239 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं तथा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करवाना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से सड़क निर्माण के लिए भूमि दान कर सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने घोषणा की कि जो व्यक्ति 10 बीघा से अधिक भूमि सड़क निर्माण के लिए दान करेगा, उसके नाम पर सड़क का नाम रखा जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने स्टेडियम के जीर्णोद्धार के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा हर ठोडा दल को 10-10 हजार रुपये तथा स्कूली विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए भी सहयोग देने की घोषणा की।
इस अवसर पर राणा विक्रम सिंह, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र मोकटा, मेला कमेटी अध्यक्ष अर्जुन देव सिंह, बजीर दौलत राम चंदेल, चेत राम चंदेल, स्थानीय पंचायत बगेंन के प्रधान राजेश चंदेल, डमियाना पंचायत प्रधान लायक राम चौहान, हरिमन कपरेट, जीत राम वर्मा, काली राम चंदेल, सोहन वर्मा, कृतिका सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य राजेश कंवर, मनमोहन शर्मा, सोनू चंदेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।











