आदर्श हिमाचल ब्यूरो
करसोग। 250 देवलुओं संग राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेला के लिए देव माहूनाग शडोट करसोग अपनी कोठी से रवाना हो गए हैं। 16 पंचायतों के गढ़पति देव माहंूनाग जी शडोट करसोग इस बार 81 वर्षों के बाद राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेला मे शिरकत करने जा रहे है।
बता दें कि सुकेत सर्व देवता कमेटी देवता को मनाकर राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेला में शामिल करने मे सफल रही थी तथा देवता को इस वर्ष से सुंदरनगर देवता मेला में शामिल होने के लिए अपनी कोठी से निकल गए हैं। देवता मूल मांहूनाग बखारी कोठी करसोग के भाई माने जाते हैं तथा देवता के मुख्य गण में धुनिया महाराज, रकक्षेठा महाराज, जोगणु तथा जुडंला महाराज हैं।
धुनिया महाराज को देवी महामाया ने देवता को दिया है। देवता के यह गण भोजन के रूप में आग का भोजन ग्रहण करते हैं तथा जलती ज्वाला आग पर आसन लगाते है। वहीं देवता के रकक्षेठा महाराज पत्थर तथा गौमुत्र का भोजन ग्रहण करते हैं।