बागवानी मंत्री ने किया छोटा कंबा-पलिंगी सड़क का शिलान्यास

0
33

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

शिमला। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने भावानगर क्षेत्र में चौरा में 5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली 3.5 किलोमीटर छोटा कंबा-पलिंगी सड़क का शिलान्यास किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा संपर्क मार्गो के माध्यम से उनकी अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए हर संभव कार्य कर रही है।

जगत सिंह नेगी ने इस अवसर पर छोटा कंबा, बडा़ कंबा, चौरा, रुपी तथा तरंडा ग्राम पंचायत के लोगों की जन समस्याएं भी सुनी और उपस्थित अधिकारियों को उनके त्वरित निवारण के निर्देश भी दिए। इसके उपरांत उन्होंने भावानगर मिनी सचिवालय में जिला स्तरीय विकासात्मक कार्यों के संदर्भ में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली।

उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित करने का आह्वान किया ताकि जिला में विकास को गति मिल सके और ग्रामीण लोगों को बेहतर सुविधा घर द्वार पर उपलब्ध हो सके। जगत सिंह नेगी  ने उपस्थित अधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इससे पूर्व उपायुक्त डॉ अमित शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा बैठक का संचालन किया और उन्हें विभिन्न विभागों द्वारा चलाए जा रहे विकासात्मक कार्यों से अवगत करवाया।