आदर्श हिमाचल ब्यूरों
कुल्लू । मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चलाए जा रहे एंटी चिट्टा/ड्रग जन आंदोलन के तहत हिमाचल प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।
स्पेशल टास्क फोर्स को बंजार क्षेत्र के बठाहड़ एरिया स्थित गांव शालिंगचा, तहसील बंजार, जिला कुल्लू में अवैध अफीम की खेती किए जाने संबंधी गुप्त सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एस.टी.एफ. कुल्लू की दो टीमों ने संबंधित क्षेत्र में दबिश देकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
तलाशी के दौरान निजी भूमि पर लगभग 4 बीघा क्षेत्र में अवैध रूप से उगाई गई अफीम की खेती पाई गई। मौके से लगभग 1,32,787 अफीम के पौधे बरामद किए गए, जिन्हें एसटीएफ टीम द्वारा तत्काल प्रभाव से नष्ट कर दिया गया।
इस संबंध में थाना बंजार, जिला कुल्लू में अवैध खेती में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध एन.डी.पी.एस. अधिनियम के तहत दो अभियोग पंजीकृत किए गए हैं तथा आगामी जांच जारी है।
इस समन्वित कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में अवैध अफीम की खेती पर प्रभावी रोक लगाना तथा भविष्य में इस प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों की पुनरावृत्ति को रोकना है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से अपील करती है कि चिट्टा/नशे अथवा अन्य मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाना में दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।











