शिमला। हिमाचल प्रदेश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब बजट पारित करने के लिए 15 विधायकों को निलंबित करना पड़े। वह भी तब जबकि कांग्रेस के पास बहुमत से भी ज्यादा विधायक विधानसभा में मौजूद हो।
यह बात पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कही। वे शुक्रवार को शिमला ग्रामीण मंडल के बनुटी में आयोजित त्रिदेव एवं पंच परमेश्वर सम्मेलन में बोल रहे थे। सम्मेलन की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष यशपाल ठाकुर ने की।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में झूठे प्रलोभन जनता को दिए गए। यही कारण है कि मात्र एक साल के कार्यकाल में ही लोग अपने हकों के लिए सड़कों पर आ गए हैं। देश की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस की आज ऐसी हालत हो गई है कि ना तो वे आज पार्टी को बचा पा रहे हैं और ना ही अपने परिवार को। जयराम ठाकुर ने कहा कि आगामी लोकसभा में प्रदेश की चारों सीटें भाजपा की झोली में आएगी। इसके लिए हर कार्यकर्ता तन मन से लगे हुए हैं। उन्होंने आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता जन जन तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं ले जाएं।











