आदर्श हिमाचल ब्यूरों
केलांग । उपमण्डलाधिकारी (नागरिक) तथा जिला पर्यटन विकास अधिकारी केलांग कुनिका एकर्स ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा अधिसूचित नई होमस्टे नियमावली के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 23 मई, 2026 को लाहौल उपमण्डल के विभिन्न क्षेत्रों में पंजीकृत होमस्टे इकाइयों का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण।
उपमण्डलाधिकारी (नागरिक) तथा जिला पर्यटन विकास अधिकारी केलांग कुनिका एकर्स के नेतृत्व में पर्यटन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में किया गया।
निरीक्षण के दौरान नई होमस्टे नियमावली के अंतर्गत निर्धारित प्रावधानों, मानकों एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया गया। टीम द्वारा होमस्टे इकाइयों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई की स्थिति, आगन्तुकों के अभिलेखों एवं आवश्यक रजिस्टरों का संधारण, अग्नि सुरक्षा एवं अन्य सुरक्षा प्रबन्ध, अनिवार्य सूचना पट्टों का प्रदर्शन, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था तथा अधिसूचित नियमों में वर्णित अन्य आवश्यक मापदण्डों की जांच की गई।
इस अवसर पर होमस्टे संचालकों को नई नियमावली के विभिन्न प्रावधानों के प्रति जागरूक करते हुए पर्यटकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निर्धारित मानकों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिन इकाइयों में कमियां पाई गईं, उन्हें निर्धारित समयावधि के भीतर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए।
कुनिका एकर्स ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि लाहौल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं पर्यटक-अनुकूल बनाया जा सके तथा प्रदेश सरकार की पर्यटन नीतियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो।











