आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं नवनियुक्त हिमाचल प्रदेश वूल फैडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने कहा कि जमानती कांग्रेस बहुत बड़ी गलत फहमी में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2022 का सपना तो छोड़े 2027 में भी कहीं नहीं टिक पायेगी।
त्रिलोक कपूर ने पद भार ग्रहण करने के उपरान्त पत्रकारों को सम्बोधित करते कहा कि हिमाचल प्रदेश में अब राजनैतिक परिस्थितियां बदल चुकी हैं जहां एक ओर विश्व के सबसे बडे भाजपा जैसे लोकतांत्रिक दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश का संबंध हिमाचल प्रदेश से है वहीं दूसरी ओर हिमाचल प्रदेश के मुख्य मंत्री जय राम ठाकुर का अढाई वर्ष का ईमानदार व प्रगतिशील सुशासन हम सबके सामने है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को यह बताना चाहता हूं कि हमारे मुख्य मंत्री का समय कोर्ट-कचहरियों में व्यतीत नहीं होता है और न ही मुख्य मंत्री कार्यालय से नोटों के अटैची गायब होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पूरे 15 वर्षों तक राज करेगी ।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि ईमानदार सुशासन के कारण ही हिमाचल प्रदेश की जनता ने लोक सभा चुनाव में चारों सीटों पर व पच्छाद और धर्मशाला में उप चुनाव पर जमानत जब्त करवाकर कांग्रेस को अपनी असली जमीन दिखा दी थी ।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि जिस तरह गुजरात, मध्यप्रदेश, और छतीसगढ़ राज्यों में भाजपा लगातार 15 वर्षो से भी ज्यादा समय तक जनता की सेवा करती रही है उसी तर्ज पर हिमाचल प्रदेश भी 2022 की नहीं बल्कि 2027 में भी जनता का आर्शीवाद भाजपा को मिले इस विश्वास के दृष्टिगत जय राम सरकार एक मजबूत योजना के रूप में काम कर रही है ।
निगमों और बोर्डो के चेयरमैन बनाये जाने पर कांग्रेस की आलोचना को लेकर चुटकी लेते हुये कपूर ने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी के नेताओं के ऐसे ही बेहुदा व तर्कहीन बयान छपते रहे तो आगे ऐसा भी समय आयेगा कि प्रदेश की जनता उनकी बातों और बयानों को सुनना और पढ़ना बिल्कुल बंद कर देगी। उन्होंने याद दिलाया कि वीरभद्र सिंह सरकार ने मुख्य मंत्री की शपथ के तुरन्त बाद 9 सीपीएस और 41 निगमों और बोर्डो में चेयरमैनों की विशाल रेजीमैन्ट की स्थापना कर ली थी।