दिल्ली में सायर महोत्सव, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने की अध्यक्षता

0
24

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

दिल्ली। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने दिल्ली में सायर महोत्सव और मंडी जन कल्याण सभा के 64वें वार्षिक समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार प्रदेशवासियों के कल्याण और विकास के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित करने और युवा पीढ़ी को उनकी विरासत के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया। मंत्री ने बताया कि सायर महोत्सव हिमाचल वासियों का एक महत्वपूर्ण त्योहार है, जिसे फसल कटाई के बाद उत्साह के साथ मनाया जाता है। उन्होंने दिल्ली में रहने वाले हिमाचली लोगों से प्रदेश की सहायता करने और अपनी जड़ों से जुड़े रहने का आग्रह किया।

इस दौरान रोहित ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों का भी उल्लेख किया, उन्होंने बताया कि प्रदेश ने राष्ट्रीय शिक्षा रैंकिंग में 21वें स्थान से उन्नति कर 5वें स्थान पर पहुंच गया है और जल्द ही 100 स्कूलों को सीबीएसई आधारित संस्थानों में परिवर्तित किया जाएगा, जिससे शिक्षा प्रणाली में और सुधार होंगे। इस कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए एक लाख रुपये की राशि की घोषणा की और विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट सेवाएं देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया।

मंडी जन कल्याण सभा के अध्यक्ष के. आर. वर्मा ने मुख्यमंत्री और अन्य अतिथियों का स्वागत किया और दिल्ली व मंडी में सामाजिक एवं मानवीय कार्यों की जानकारी दी। इस समारोह में पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल, दिल्ली में रहने वाले हिमाचल के लोग और मंडी जन कल्याण सभा के सदस्य उपस्थित थे।