आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला: जिला के सभी खेल संघों के साथ समन्वय स्थापित कर खेल गतिविधियों को बढ़ावा दिया जायेगा ताकि युवा पीढ़ी को नशे के चलन से दूर रखा जा सके।
यह जानकारी उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने जिला शिमला के पंजीकृत खेल संघों के साथ आज यहाँ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी। उन्होंने कहा कि जिला में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है ताकि जिला के खिलाड़ी खेल जगत में आगे बढ़कर प्रदेश तथा देश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि जिला शिमला में अब तक 13 खेल संघों ने अपना पंजीकरण कराया है। उन्होंने सभी संघों को खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन की और से हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया।
उपायुक्त ने कहा कि स्कूली छात्रों को खेलो के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हर खेल का वृत्तचित्र तैयार किया जायेगा। उन्होंने सभी खेल संघों से आग्रह किया कि वह अपने खेल से संबंधित वृत्तचित्र तैयार करने के उद्देश्य से खेल से संबंधित सारा विवरण प्रदान करे। उन्होंने कहा कि खेल जगत में ऐसे बहुत सारे खेल है जिनके बारे में हमारे छात्रों को जानकारी नहीं है।
उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स अथॉरिटी इंडिया (एसएआई) शिलारू के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिलारू में अच्छे खेल मैदान के साथ सिंथेटिक ट्रैक भी उपलब्ध है। खेल मैदान को किस तरह से स्थानीय तथा जिला के खिलाड़ियों के लिए प्रयोग में लाया जाए, इस संदर्भ में एसएआई शिलारू के अधिकारियों से बैठक आयोजित कर विचार विमर्श किया जाएगा।
उपायुक्त ने जिला के सभी खेल संघों के साथ एक व्हाट्सएप ग्रुप तैयार करने के निर्देश दिए ताकि आपसी समन्वय स्थापित हो सके। उन्होंने कहा कि ग्रुप के माध्यम से खेल जगत से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का पता चल सकेगा। उन्होंने सभी संघों द्वारा आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिताओं में एक दूसरे को आमंत्रित करने का भी आग्रह किया ताकि सभी संघ जिला में खेल को एक नई पहचान दिला सके।
उपायुक्त ने कहा कि साइकिलिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिमला के विभिन्न स्थानों पर साइकिलिंग लेन तैयार करने पर विचार किया जा सकता है, जिसमें सीटीओ से समरहिल, छोटा शिमला से शिमला क्लब एवं सेंट बीड्स से शिमला क्लब वाली सड़के शामिल है। उन्होंने इस संदर्भ में विस्तृत प्रस्ताव प्रदान करने का भी आग्रह किया ताकि आगामी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।