आदर्श हिमाचल ब्यूरो
ऊना । उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि जल महोत्सव के माध्यम से लोगों को जल संरक्षण और जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार तक प्रतिदिन स्वच्छ, पर्याप्त और निर्बाध पेयजल की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके लिए जमीनी निरीक्षण व्यवस्था, तकनीकी मॉनिटरिंग तथा जवाबदेही तंत्र को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। उपायुक्त जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर लंबित प्रविष्टियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा नियमित जल गुणवत्ता परीक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग द्वारा जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अंतर्गत 8 से 22 मार्च 2026 तक जिले में जल महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। ‘हर घर पानी-खुद निगरानी’ थीम के तहत जिले के पांचों विकास खंडों की चिन्हित पंचायतों में जल संरक्षण और जल प्रबंधन के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस पखवाड़ा अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण और जल प्रबंधन में सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देना है। ग्रामीण क्षेत्रों में जल की महत्ता, स्वच्छता तथा जल स्रोतों के संरक्षण व रखरखाव को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि 8 मार्च को ‘नारी नीर शक्ति दिवस’ के साथ अभियान का शुभारंभ हुआ, 11 मार्च को राष्ट्रीय स्तर का मेगा इवेंट तथा 16 मार्च को नदी दिवस मनाया गया। 22 मार्च को बद्दी में राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ विश्व जल दिवस पर इसका समापन होगा।
#जलमहोत्सव #जलसंरक्षण #WaterConservation #HarGharPani #JalShakti
#UnaNews #HimachalNews #GramPanchayat #WaterAwareness
#AdarshHimachal #आदर्श_हिमाचल #HimachalPradesh #WorldWaterDay








