आदर्श हिमाचल ब्यूरो
बिलासपुर।राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला-2026 का समापन समारोह हर्षोल्लास और पारंपरिक गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं विधायक विनय कुमार ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि मंत्री राजेश धर्माणी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्यातिथि विनय कुमार ने मेला ध्वज को विधिवत उतारकर सात दिवसीय इस ऐतिहासिक मेले के समापन की घोषणा की। उन्होंने जानकारी दी कि प्रदेश कैबिनेट ने 137 वर्ष पुराने इस मेले का दर्जा बढ़ाकर राष्ट्रीय स्तर का कर दिया है और इस उपलब्धि पर समस्त जिला वासियों को बधाई दी।उन्होंने कहा कि ऐसे मेलों से हमारी समृद्ध संस्कृति का संरक्षण एवं संवर्धन होता है और नई पीढ़ी को इन परंपराओं से जोड़ना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री राजेश धर्माणी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए मेले को राष्ट्रीय स्तर का दर्जा मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।समारोह में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्यातिथि द्वारा गुर्ज, पटका एवं नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
पुरुष ओपन दंगल में भूपेंद्र अजनाला विजेता, लालू (जम्मू-कश्मीर) उपविजेता रहे, जबकि बसंत (अमृतसर) और बिल्लू (होशियारपुर) क्रमशः तीसरे व चौथे स्थान पर रहे। महिला ओपन वर्ग में काजल (हरियाणा) विजेता, रानी (सोलन) उपविजेता रहीं, जबकि राधा और बनिता ने तीसरा व चौथा स्थान हासिल किया।
हिम कुमार वर्ग में सुमित (ऊना) विजेता और शुभम (बिलासपुर) उपविजेता रहे।बिलासपुर कुमार वर्ग में शौर्य विजेता और हसन उपविजेता रहे।सभी विजेताओं को विभिन्न श्रेणियों में आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप धवल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
🔖 #AdarshHimachal #BilaspurNews #NalwariMela #HimachalNews #WrestlingDangal #CulturalHeritage #HimachalPradesh #VinayKumar #RajeshDharmani #LocalNews #AdarshHimachalBureau #BreakingNews











