कोरोना अपडेट: शिमला में एक लदानी, सोलन में पुलिस कर्मी, किन्नौर में आईटीबीपी जवान संक्रमित, प्रदेश में कुल आंकड़ा पहुंचा 1311

सोलन के बीबीएन में आधा दर्जन उद्योग सील, एक्टिव केस हुए 347

आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। प्रदेश में आज छह जिलों से 20 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आये हैं। इनमे चंबा में सात, सोलन से पांच, ऊना तीन और  शिमला-कांगड़ा में दो-दो नए मरीज सामने आए हैं। जबकिं आज दो जिलों से 11 मरीज ठीक भी हुए हैं। जिला सोलन से ओञ्च और कांगड़ा से आज सात मरीज ठीक हुए हैं।
शिमला शहर में दो कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आए हैं।कश्मीर से 3 लोगों के साथ लौटा 50 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है जबकि अन्य दो लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आयी है।यह व्यक्ति 5 जुलाई को शिमला पहुँचा था और बालूगंज जामा मस्जिद के पास अपने घर पर होम क़वारन्टीन किया गया था।जबकि दूसरा सेब व्यापारी है और 5 जुलाई को ही शिमला आया था इसकी उम्र 42 साल है और शिमला में इंस्टिट्यूशनल क़वारन्टीन किया गया था। दोनों ही लोग जम्मू-कश्मीर के हैं। इनमें एक सेब खरीदने आया लदानी और एक मजदूर है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के लिए 16 जुलाई से शुरू होगी एलाइंस एअर की नियमित उड़ानः नीरज श्रीवास्तव
चंबा जिले में सेना और आईटीबीपी के तीन जवानों समेत सात पॉजिटिव पाए गए हैं। ये लोग केरल और रुड़की से लौटे थे। इनमें केरल से खड़ाघाट समोट लौटा सैन्य जवान, उसकी पत्नी और और दो बच्चे भी पॉजिटिव हुए हैं।  सीएमओ चंबा डाॅ. राजेश गुलेरी ने इसकी पुष्टि की है। उधर, हिमाचल के सिरमौर जिले में पांवटा का एक मजदूर चंडीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। संक्रमित छह जुलाई से ईएसआई अस्पताल में उपचाराधीन था।
वहीं, सोलन जिले में पांच कोरोना मामले आए हैं। नालागढ़ में एक गर्भवती महिला समेत दो लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इन दोनों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग ने रैंडम आधार पर लिए थे। जिसमें दोनों के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। शाम को जिले में तीन और पॉजिटिव केस आए। जिनमें एक पुलिस कर्मी, जबकि दो अन्य बद्दी के उद्योग के कामगार हैं।
कांगड़ा जिले में भी शाम को दो नए मामले आए हैं। छतरी का 23 वर्षीय युवक और 70 वर्षीय बुजुर्ग पॉजिटिव पाया गया है। दोनों पहले से कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए हैं। संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर डाढ़ और जोनल अस्पताल धर्मशाला शिफ्ट किया जा रहा है। डीसी राकेश प्रजापति ने मामलों की पुष्टि की है। जिले में मंगलवार को सात और मरीज ठीक हो गए हैं।
ऊना जिले से कोविड जांच के लिए भेजे सैंपलों में से तीन नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसके अलावा दो संक्रमितों के फॉलोअप सैंपलों में से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव और एक की निगेटिव है। संक्रमित मामलों में से पहला पॉजिटिव मामला गगरेट उपमंडल के अमलैहड़ का है। यहां 22 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव आया है। वह महाराष्ट्र के रायगढ़ से लौटा था। उसे संस्थागत क्वारन्टीन किया गया था।
दूसरा पॉजिटिव मामला गगरेट उपमंडल के बेहड़ पतेहड़ का 27 वर्षीय युवक पॉजिटिव आया है। वह भी महाराष्ट्र के रायगढ़ से लौटा था। उसे संस्थागत क्वारंटीन किया था। तीसरा संक्रमित मामला गगरेट उपमंडल के गांव मावा सिंधियां का है। यहां नवागांव गुजरात से लौटा 22 वर्षीय युवक पॉजिटिव पाया गया है। उसको भी संस्थागत क्वारंटीन किया था। सीएमओ रमन शर्मा ने कहा कि जिला में संक्रमितों की संख्या 144 हो गई है। इसमें से 109 स्वस्थ हो चुके हैं जबकि 35 एक्टिव मामले हैं। उन्होंने बताया कि तीनों संक्रमितों को कोविड सेंटर खड्ड में शिफ्ट किया जाएगा।
किन्नौर में भी कोरोना का एक और मामला आया है। आईटीबीपी का जवान पॉजिटिव पाया गया है। इसके साथ ही हिमाचल में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 1305 पहुंच गया है। सक्रिय मामले 348 हैं। 933 कोरोना मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। कोरोना से नौ की मौत हुई है। 13 मरीज राज्य के बाहर शिफ्ट हो गए हैं।

सोलन के बीबीएन में आधा दर्जन उद्योग सील

Ads

कोरोना के एकदम ज्यादा मामले सामने आने के बाद औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के आधा दर्जन उद्योग सील कर दिए गए हैं। रिगले उद्योग में एक साथ सामने आए 63 मामलों के बाद निमंत्रण रिजॉर्ट में क्वारंटीन कामगारों के लिए इसे ही कोविड सेंटर बना दिया है।
एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने बताया कि नालागढ़ के सारा टेक्सटाइल उद्योग, रिगले, विनसम, अरिहंत, लेमटेक सहित एक प्लास्टिक उद्योग को सील कर दिया है। विनसम उद्योग का एक हिस्सा बंद किया है, जबकि सनोक्स को अभी सील नहीं किया है। इस उद्योग में ठेकेदार सहित तीन लोग पॉजिटिव निकले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने सभी कामगारों के टेस्ट लेने की कसरत तेज कर दी है।