विकसित भारत संकल्प यात्रा का समापन, शिमला ग्रामीण भाजपा मंडल ने जताया पीएम मोदी का आभार
आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। बीते 20 दिनों से चली आ रही विकसित भारत संकल्प यात्रा शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत देकर सम्पन्न हुई। ऐसा इसलिए क्योंकि इस यात्रा के माध्यम से करीब 6500 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य जांचा गया। इतना ही नहीं क्षेत्र की 57 पंचायत के लोगों को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी घरद्वार पर उपलब्ध हो सकी। जनसुविधा से जुड़ी इस पहल के लिए भाजपा मंडल शिमला ग्रामीण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है।

हथकरघा व हस्तशिल्प निगम के पूर्व उपाध्यक्ष एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल ने कहा कि यात्रा का मकसद सभी योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाना रहा। उधर पूर्व प्रत्याशी रवि मेहता ने यात्रा के दौरान उपस्थित रहे सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। उनके प्रयासों से यह यात्रा सफल रही।
यह भी पढ़े:- झनियारी और आसपास के गांवों में 21 को बंद रहेगी बिजली

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस विकसित भारत का सपना देखा है, उस दिशा में यह कदम बहुत सराहा गया। इस रथ यात्रा को मोदी की गारंटी वाली गाड़ी एवं यात्रा कहा जा रहा है। यात्रा के संयोजक भूपराम वर्मा ने बताया कि इस यात्रा को लेकर लोगों में काफी रुझान देखा गया। विशेषकर महिलाओं में काफी उत्सुकता थी। स्वंयसेवी संस्थाओं से जुड़ी महिलाओं ने इस यात्रा को काफी सराहा।