मौसम अपडेट: लाहौल घाटी बर्फ से लकदक, वाहनों की आवाजाही बाधित 

2 से 7 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

Ads

शिमला। हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले के कई भागों में रात से शुक्रवार सुबह तक बर्फबारी दर्ज की गई है। पूरी लाहौल घाटी बर्फ से लकदक हो गई है। रात को अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल, धुंधी क्षेत्र और इसके आसपास के भागों में करीब चार इंच ताजा बर्फबारी हुई है। चंद्रा घाटी, सिस्सू ने भी बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। बर्फबारी के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई है। इसके चलते वाहनों की आवाजाही बाधित है।

यह भी पढ़े:- पंजाब ने नवीकरणीय ऊर्जा की हिस्सेदारी 43 फीसदी तक बढ़ाने का लक्ष्य किया निर्धारित – अमन अरोड़ा  

सड़क की स्थिति अभी ठीक नहीं होने तक सोलंग बैरियर से अटल टनल की ओर आपातकालीन स्थिति में केवल फोर बाई फोर वाहनों को अनुमति दी जा रही है। ताजा हिमपात से पूरी घाटी शीतलहर की चपेट में आ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज भी उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राजधानी शिमला व आसपास भागों में आज मौसम साफ बना हुआ है। धूप खिलने से लोगों को कड़कड़ाती ठंड से कुछ राहत मिली है। वहीं, 2 से 7 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।