आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश के सात जिलों के कई भागों में शुक्रवार और शनिवार को भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में यह बदलाव आने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में 1 से 3 मार्च तक बारिश-बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। 4 व 5 मार्च को मध्य व उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर मौसम खराब रह सकता है। 6 मार्च को फिर कई स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना है।
राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बृहस्पतिवार को मौसम साफ रहा। ऊना-बिलासपुर में अधिकतम तापमान 26.8, धर्मशाला में 21.0, कांगड़ा में 23.2, मंडी में 24.8, शिमला में 17.8 और मनाली में 16.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार शुक्रवार को किन्नौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिले के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। 2 मार्च को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर व लाहौल-स्पीति जिले के लिए बहुत भारी बारिश-बर्फबारी होने का अलर्ट जारी किया गया है। अन्य क्षेत्रों में भी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 4 और 5 मार्च को मैदानी जिलों ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर में मौसम साफ रहने की संभावना है।











