आदर्श हिमाचल ब्यूरो
धर्मशाला। हिमाचल के चंबा जिले की भटियात सीट से विधायक कुलदीप सिंह पठानिया 14वीं विधानसभा के अध्यक्ष (स्पीकर) बन गए हैं। उन्होंने वीरवार को धर्मशाला के तपोवन में अपना पदभार संभाला। उन्होंने स्पीकर बनने के बाद सदन को भरोसा दिलाया कि सत्तापक्ष और विपक्ष को अपनी पूरी बात रखने का अवसर दिया जाएगा।
कुलदीप पठानिया ने कहा कि प्रदेश हित के मुद्दों पर चर्चा के लिए पूरा वक्त दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह बिना पक्षपात के अपने दायित्व को निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सदन में पहली बार चुनकर पहुंचे 23 सदस्यों को भी पूरे सहयोग का भरोसा दिया।
उन्होंने कहा कि उन्हें कई बार लगता है कि नौजवान हमारा भविष्य है। इसलिए अब हमारी जरूरत नहीं है। उन्होंने निर्विरोध चुनाव के लिए सभी सदस्यों का आभार जताया। इस दौरान कुलदीप पठानिया ने कंवर दुर्गा चंद, संतराम, वीरभद्र सिंह, शांता कुमार, रामलाल ठाकुर और सुखराम शर्मा का भी सदन में जिक्र किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने उनके नाम का प्रस्ताव सदन में रखा। इसका नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने समर्थन किया।कुलदीप पठानिया के नाम का दूसरा प्रस्ताव डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री ने रखा। इसका समर्थन हर्षबर्धन चौहान और तीसरा प्रस्ताव धनीराम शांडिल ने रखा। इसका समर्थन विपिन सिंह परमार ने किया। प्रस्ताव पास होते ही प्रोटेम स्पीकर चंद्र कुमार ने अध्यक्ष की घोषणा की।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू ने संवैधानिक पद पर बैठने के लिए कुलदीप पठानिया को बधाई दी। उन्होंने आसन की ओर इशारा करते हुए कहा कि आप 5वीं बार विधायक चुनकर आए हैं। आप इस सदन की कार्यवाही को बेहतर ढंग से चलाएंगे।
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब देश भर में कांग्रेस का 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान
निष्पक्ष होकर दायित्व का करेंगे निर्वहन: जयराम
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने BJP विधायक दल की ओर से स्पीकर को सदन की कार्यवाही सुचारू ढंग से चलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को पूरी उम्मीद है कि आप विपक्ष को बोलने का पूरा अवसर प्रदान करेंगे और निष्पक्ष होकर दायित्व का निर्वहन करेंगे।
डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कुलदीप पठानिया का आसन पर बैठना गौरव की बात है। उनकी 35 साल की तपस्या आज रंग लाई है। उन्होंने कहा कि कानून को करीबी से जानने वाले कुलदीप पठानिया सदन में न्याय करेंगे।
कुलदीप पठाननिया 5वीं बार चुनाव जीतकर आए हैं। वह हिमाचल विधानसभा के 16वें अध्यक्ष बने हैं। 26 साल की उम्र में वह 1985 में पहली बार कांग्रेस से विधायक बने। दूसरी बार 1993 (आजाद) और तीसरी बार 2003 में आजाद चुनाव लड़कर विधानसभा पहुंचे। चौथी बार 2007 और 5वीं बार 2022 में विधायक निर्वाचित हुए।
कुलदीप पठानिया के अध्यक्ष बनने पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, हर्षबर्धन चौहान, हंसराज, रोहित ठाकुर, अनिल शर्मा, राजेश धर्माणी, विक्रमादित्य सिंह, कुलदीप राठौर, राम कुमार, डॉ. जनक राज, आरएस बाली, रणधीर शर्मा ने सदन में अपनी बात रखते हुए कुलदीप पठानिया को बधाई दी।