बनूटी में योग प्रशिक्षक ने लोगों को विभिन्न योगासनों की बारीकियों एवं लाभ का दिया ज्ञान 

साथ ही प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम के विजेताओं को भी दिए गए आकर्षक पुरस्कार

योग दिवस पर बनूटी में किया विशाल योग सत्र
योग दिवस पर बनूटी में किया विशाल योग सत्र
आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला।  योग दिवस के अवसर पर भारत सरकार के केंद्रीय प्रसारण ब्यूरो शिमला ने नेहरू युवा केंद्र संगठन के सहयोग से बनूटी में एक विशाल योग शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेहरू युवा केंद्र के सदस्यों, बनूटी, बाईचढ़ी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुबह सात बजे से शुरू हुए योग सत्र में केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय द्वारा स्वीकृत योगासनों का क्रमवार अभ्यास किया गया। समूचा योग सत्र प्रख्यात योग शिक्षिका मीनाक्षी गोयल के मार्ग निर्देशन में संचालित हुआ।
लगभग 45 मिनट तक चले योग सत्र में न केवल योगाभ्यास कराया गया बल्कि कुशल योग प्रशिक्षक ने लोगों को विभिन्न योगासनों की बारीकियों एवं लाभ भी समझाये। योगाभ्यास में युवाओं के अतिरिक्त बड़ी संख्या में महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने भी हिस्सा लिया।  कार्यक्रम में हिमाचल कोआपरेटिव बैंक के सेवानिवृत्त महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता बी डी कपिल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने उपस्थित योगाभ्यासियों को संबोधित करते हुए योग को अपनी दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योगाभ्यास सत्र के बाद योग के ज्ञान पर एक प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया, इसमें भी सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम के विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिये गये।
कार्यक्रम का समापन एक विशाल रैली निकालकर किया गया। रैली के मार्ग में कार्यकर्ताओं ने “करो योग, रहो निरोग“, ”हर घर आँगन योग“ जैसे नारे लगाकर स्थानीय लोगों के बीच जनजागरण किया।
Ads