आईपीएल मैचों की सुरक्षा को लेकर चार मॉक ड्रिल आयोजित, आंशिक स्टैंड ध्वस्त होने की स्थिति पर सफल अभ्यास

0
7

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

कांगड़ा(धर्मशाला) ।आगामी मई माह में Indian Premier League के तहत Himachal Pradesh Cricket Association Stadium में होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबलों के मद्देनज़र जिला प्रशासन कांगड़ा ने व्यापक आपदा प्रबंधन तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इसी क्रम में संभावित आपदा परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए चार मॉक ड्रिल आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।

 

 

ईओसी इंचार्ज रोबिन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आईपीएल जैसे हाई-प्रोफाइल आयोजन के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों, खिलाड़ियों, वीआईपी, वीवीआईपी और स्टाफ की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जा रहे हैं।

 

उन्होंने बताया कि 28 अप्रैल को पार्शियल स्टैंड कोलैप्स (स्टेडियम के आंशिक ढांचे के गिरने) की मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया। इसके अलावा 29 अप्रैल को ड्रोन इंट्रूजन एवं एयरस्पेस थ्रेट ड्रिल, 5 मई को नाइट-टाइम इमरजेंसी ड्रिल (बिजली बाधित होने की स्थिति) तथा अग्निशमन आपदा ड्रिल (फूड कोर्ट या इलेक्ट्रिकल रूम में आग लगने की स्थिति) आयोजित की जाएंगी।

 

 

आज आयोजित मॉक ड्रिल में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, होमगार्ड, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, स्वयंसेवक एवं शिक्षा विभाग सहित विभिन्न एजेंसियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

 

अभ्यास के दौरान बचाव एवं राहत कार्य, घायलों की त्वरित निकासी, प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस समन्वय, भीड़ प्रबंधन तथा आपातकालीन संचार प्रणाली का व्यापक परीक्षण किया गया। सभी विभागों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए निर्धारित समय में प्रभावी प्रतिक्रिया दी।

 

 

रोबिन कुमार ने कहा कि इन मॉक ड्रिलों का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना, संसाधनों का मूल्यांकन करना और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है, ताकि वास्तविक परिस्थितियों में जन-जीवन एवं संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।