ओलावृष्टि और महंगाई की मार, कांग्रेस सरकार पर फूटा आक्रोश: संदीपनी भारद्वाज

0
6

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 

शिमला । संदीपनी भारद्वाज, प्रदेश प्रवक्ता भारतीय जनता पार्टी ने ठियोग से कांग्रेस विधायक कुलदीप राठौर के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रदेश में यह बेहद विडंबनापूर्ण स्थिति बन गई है कि कांग्रेस शासन में अब स्वयं कांग्रेस के विधायक ही अपनी सरकार से राहत की मांग कर रहे हैं।

 

संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश में किसानों और बागवानों की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है और अब कांग्रेस के अपने नेता ही इसे सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर रहे हैं, जो सरकार की विफलता का स्पष्ट संकेत है।

 

उन्होंने कहा कि जिला शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से सेब सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन राज्य सरकार अब तक कोई प्रभावी राहत योजना लागू नहीं कर पाई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसान और बागवान पहले ही महंगी खाद, बढ़ती उत्पादन लागत और कम दामों से जूझ रहे हैं, वहीं प्राकृतिक आपदाओं ने उनकी आर्थिक स्थिति को और अधिक कमजोर कर दिया है। इसके बावजूद सरकार केवल बयानबाजी तक सीमित है।

 

संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस विधायक द्वारा राजस्व अधिकारियों से नुकसान का आकलन और मुआवजे की मांग करना यह दर्शाता है कि सरकार जमीनी स्तर पर कार्य करने में पूरी तरह विफल रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसानों और बागवानों के लिए ऋण राहत, एमआईएस के तहत भुगतान तथा एचपीएमसी द्वारा बकाया राशि जारी करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं, जिससे विशेष रूप से छोटे बागवान प्रभावित हो रहे हैं।

 

महंगाई के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में वृद्धि से आम जनता और व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
कांग्रेस द्वारा केंद्र सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि हर विफलता के लिए केंद्र को जिम्मेदार ठहराना कांग्रेस की पुरानी प्रवृत्ति है, जबकि वास्तविकता यह है कि प्रदेश सरकार की नीतियां ही प्रभावी नहीं हैं।

 

अंत में संदीपनी भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस सरकार न तो किसानों को राहत दे पा रही है और न ही बागवानों को पर्याप्त सहयोग, जिसके चलते अब उनके अपने विधायक भी सरकार से जवाब मांगने को मजबूर हैं।

#HimachalNews #Shimla #BJP #Congress #Farmers #AppleGrowers #HimachalPradesh #Politics #BreakingNews #SandeepniBhardwaj #KuldeepRathore #Inflation #Hailstorm #FarmersIssue #HPMC #HimachalPolitics