CAS पदोन्नति में देरी के खिलाफ शिक्षकों का बड़ा आंदोलन, 11 मई को प्रदेशभर में शैक्षणिक कार्यों का बहिष्कार

0
9

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला । हिमाचल प्रदेश में CAS (Career Advancement Scheme) के अंतर्गत लंबित पदोन्नतियों को लागू न किए जाने के विरोध में जॉइंट एक्शन कमेटी (JAC) ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आज आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधियों ने भाग लेते हुए सरकार की कार्यप्रणाली को शिक्षाविरोधी और प्राध्यापकों के अधिकारों का उल्लंघन बताया।

 

बैठक में हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, सरदार पटेल विश्वविद्यालय तथा वेटनरी कॉलेज ऑफ साइंस सहित विभिन्न संस्थानों के शिक्षकों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि CAS केवल पदोन्नति नहीं, बल्कि शिक्षकों के शैक्षणिक योगदान, शोध कार्य एवं अनुभव का सम्मान है। इसे लंबित रखना शिक्षकों के मनोबल और उच्च शिक्षा व्यवस्था दोनों को प्रभावित कर रहा है।

 

जॉइंट एक्शन कमेटी ने सरकार पर शिक्षकों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए इसे “कुंभकर्णी नींद” करार दिया। शिक्षकों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 11 मई 2026 को प्रदेशभर के सभी विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शैक्षणिक कार्यों का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। इस दौरान शिक्षक कक्षाओं, परीक्षाओं एवं अन्य अकादमिक गतिविधियों से स्वयं को अलग रखते हुए सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करेंगे।

 


जॉइंट एक्शन कमेटी ने सभी शिक्षकों से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की है। साथ ही छात्र समुदाय एवं समाज के अन्य वर्गों से भी इस संघर्ष का समर्थन करने का आह्वान किया गया है। समिति ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि शिक्षकों को न्याय दिलाना और शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता को सुरक्षित रखना है।#JointActionCommittee
#TeacherProtest
#HigherEducation
#HimachalPradesh
#UGC