पंचायती राज चुनावों के लिए 84 पोलिंग पार्टियाँ रवाना

0
5

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

कुल्लू । जिला में पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचन को लेकर प्रशासन द्वारा सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। तीन चरणों में आयोजित होने वाले पंचायत चुनावों के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए उपमण्डल कुल्लू से कुल 84 पोलिंग पार्टियों को बैलेट बाॅक्स, वोटिंग कम्पार्टमैंट, वोटिंग लिस्ट तथा अन्य आवश्यक चुनाव सामग्री प्रदान कर अपने-अपने मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। प्रत्येक पार्टी में कुल 6 सदस्य हैं जिसमें 4 मतदान कर्मी व 2 सुरक्षा कर्मी शामिल हैं। यह पोलिंग पार्टियाँ 26, 28 एवं 30 मई को विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाएंगी।

 

 

इस संबंध में जानकारी देते हुए निर्वाचन अधिकारी एवं एसडीएम कुल्लू निशान्त कुमार ने बताया कि चुनाव में कुल 420 कर्मी लगाए गए हैं तथा सभी पोलिंग पार्टियों के कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों तथा मतदान प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक प्रशिक्षण एवं निर्देश प्रदान किए गए हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

 

उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा मतदान केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।

 

तीनों चरणों में विभिन्न ग्राम पंचायतों में मतदान करवाया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर ली गई हैं।