डॉ. शिखा शर्मा ने आयकर विभाग, शिमला में उप आयुक्त का पदभार ग्रहण किया

0
8

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 

शिमला । भारतीय राजस्व सेवा की अधिकारी डॉ. शिखा शर्मा ने आयकर विभाग, शिमला में उप आयुक्त आयकर के रूप में पदभार ग्रहण किया है।

 

हमीरपुर जिले की निवासी डॉ. शिखा शर्मा का जन्म और पालन-पोषण शिमला में हुआ। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा दयानंद पब्लिक स्कूल, शिमला से प्राप्त की तथा सरकारी डेंटल कॉलेज, आईजीएमसी शिमला से बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी की डिग्री हासिल की।

 

डॉ. शर्मा ने वर्ष 2014 में हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया था और इसके बाद हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा में विभिन्न पदों पर कार्य किया। इसके उपरांत उन्होंने भारतीय लेखा एवं लेखा परीक्षा सेवा में प्रवेश किया और उत्तराखंड में उप महालेखाकार के रूप में सेवाएं दीं।

 

उन्होंने भारत सरकार द्वारा आयोजित व्यावसायिक एवं अन्य कार्यक्रमों के अंतर्गत जापान में भारत का प्रतिनिधित्व भी किया है।

 

स्वास्थ्य सेवा, प्रशासन, सार्वजनिक वित्त और कराधान के क्षेत्रों में व्यापक अनुभव रखने वाली डॉ. शर्मा विशेषज्ञता के साथ अपने दायित्व का निर्वहन करेगी। आयकर विभाग ने उनके पदभार ग्रहण करने का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में करदाता सेवाओं तथा कर प्रशासन को और अधिक सुदृढ़ता मिलेगी।