आदर्श हिमाचल ब्यूरों
रिकांगपिओ। वन बल प्रमुख एवं जाइका वानिकी परियोजना के मुख्य परियोजना निदेशक डा. संजय सूद ने वन मंडल किन्नौर के अंतर्गत पाइपलाइन में चल रहे लंबित कार्यों को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए। बता दें कि डा. संजय सूद तीन दिवसीय किन्नौर दौरे पर हैं। रविवार को कल्पा में आयोजित विभागीय और परियोजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं राजीव गांधी वन संवर्धन योजना, मुख्यमंत्री वन विस्तार योजना और राजीव गांधी ग्रीन एडॉप्शन योजना पर बेहतरीन कार्य करने के निर्देश दिए।

डा. सूद ने कहा कि इस बार के मानसून सीजन में वन मंडल किन्नौर में अधिक से अधिक पौधे रोपकर हरित्र क्रांति की रफ्तार को तेज करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2030 तक राज्य के हरित आवरण को 32 प्रतिशत बढ़ाने की दिशा में वन विभाग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए वन मंडल किन्नौर में सभी अधिकारी एवं वन कर्मियों को मुस्तैद रहना पड़ेगा।
वन बल प्रमुख डा. संजय सूद ने इस बीच जाइका वानिकी परियोजना के तहत किन्नौर में चल रही गतिविधियों का फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना वन संरक्षण और आजीविका सुधार के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही है।
डा. सूद ने परियोजना से जुड़े निष्क्रीय स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के संकेत भी दिए। इस अवसर पर डीएफओ किन्नौर अरविंद कुमार, एसीएफ किन्नौर कर्ण कपूर, रिटायर एचपीएफएस सीएम शर्मा, एसएमएस किन्नौर राधिका नेगी, एफटीयू को-ऑर्डिनेटर्स समेत परियोजना के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











