आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। शिमला विश्वविद्यालय (एपीजी) में नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित विशेष शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा है। देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए नए विद्यार्थियों को शिमला और सोलन की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय द्वारा इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को विद्यार्थियों के ग्रुप-ए ने शिक्षकों एवं संकाय सदस्यों के मार्गदर्शन में सोलन स्थित प्रसिद्ध मोहन हेरिटेज पार्क का भ्रमण किया।

पार्क की अद्भुत वास्तुकला, मनमोहक प्राकृतिक वातावरण और सांस्कृतिक धरोहरों ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से आकर्षित किया। भ्रमण के दौरान संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों को क्षेत्र के इतिहास, सांस्कृतिक महत्व तथा धरोहर संरक्षण की आवश्यकता और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में गुरुवार को ग्रुप-बी के विद्यार्थियों ने भी सोलन और शिमला के आसपास स्थित ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थलों के शैक्षणिक भ्रमण के लिए प्रस्थान किया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्थानीय इतिहास, संस्कृति और सामाजिक परंपराओं से भी अवगत कराया गया।

विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को अपने अध्ययन क्षेत्र की संस्कृति, इतिहास और प्राकृतिक परिवेश को निकट से समझने का अवसर मिलता है। साथ ही विभिन्न राज्यों से आए विद्यार्थियों के बीच आपसी संवाद, सहयोग, सौहार्द और टीम भावना भी सुदृढ़ होती है।
भारत के विभिन्न राज्यों से शिमला विश्वविद्यालय में अध्ययन के लिए आए नवागंतुक विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को अत्यंत प्रेरणादायक और यादगार अनुभव बताया। विश्वविद्यालय की यह पहल कक्षा की चारदीवारी से बाहर प्रकृति और इतिहास की गोद में सीखने का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभर रही है











