अंब: मार्च के बाद नए वित्त वर्ष की शुरुआत मानी जाती है और देखा जाए तो यह साल भाजपा के लिए चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। जहां सबसे बड़ी चुनौती है अपनी साख बचाने की यानी मिशन रिपीट की। किस्सा कुर्सी का शुरू हो गया है और ऐसे में कुर्सी बचाना भाजपा के लिए सबसे जरूरी काम है लिहाजा इसको लेकर तैयारियां भी शुरू है आज भाजपा के 2 बड़े नेता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर चिंतपूर्णी में एक मंच पर फिर नज़र आए। प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का चिंतपूर्णी के अम्ब में भव्य स्वागत किया गया जिसके बाद दोनों नेताओं ने जनसभा को संबोधित किया। यहां दिलचस्प बात यह है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर चंद रोज पहले ऊना जिले के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के लिए अंब में 200 करोड़ रुपये से अधिक की विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास कर चुके हैं, गौरतलब है इसमें अनुराग ठाकुर भी मौजूद थे।
लोअर हिमाचल में अनुराग ठाकुर या यूं कहें कि धूमल परिवार का खासा प्रभाव है और इसे नकारा नहीं जा सकता ऐसे में अब चुनावी वक्त से पहले अनुराग ठाकुर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का लगातार मंच साझा करना कितना कारगर साबित होता है यह चुनावों में ही साफ हो पाएगा। फिलहाल भाजपा खेमे के लिए दशा सुखद होती नजर आ रही है।