हादसा: शिलाई भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष और प्रसिद्ध व्यापारी महेंद्र नेगी टोंस नदी में डूबे, लापता

गिरिपार में शोक की लहर, चलाया जा रहा सर्च अभियान

आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिलाई। उत्तराखंड और हिमाचल की सीमा पर बहने वाली  टोंस नदी में सियासु के समीप एक व्यक्ति के डूबने का समाचार मिला है। लापता व्यक्ति का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर बाद करीब चार बजे शिलाई के प्रसिद्ध व्यापारी महेंद्र सिंह नेगी उर्फ़ बाजा बशवाल अपने दोस्तों के साथ टोंस नदी में नहाने उतरे थे। इसी दौरान वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गये। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूर्यास्त तक क्षेत्र के करीब 300 लोगों द्वारा टोंस नदी के दोनों छोर में लापता व्यक्ति की तलाश की गई, मगर कोई सुराग नहीं मिल पाया।
प्रशासन आपदा प्रबंधन व ग्रामीणों की कई टीमें लापता व्यक्ति की तलाश कर रही है। शिलाई पुलिस थाना के प्रभारी मस्त राम ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि वो अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद है। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है। महेंद्र सिंह नेगी शिलाई के एक प्रतिष्ठित और प्रसिद्ध कारोबारी होने के साथ-साथ राजनीति में भी अक्सर सक्रिय देखे गए है।
यह भी पढ़ें: लंच डिप्लोमेसी: राजस्थान कांग्रेस की उठापटक के बीच हिमाचल के राजनीतिक धुरन्धर ने दिया भोज
बताया जा रहा है की महेंद्र एक शादी में गए हुए थे। इसी बीच दोपहर को अपने दोस्तों के संग टोंस नदी में नहाने चले गए और हादसे का शिकार हो गए। फिलहाल अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान बंद किया गया है। सुबह उजाला होते ही दोबारा तलाश की जाएगी। समूचा क्षेत्र महेंद्र सिंह नेगी के लापता होने की खबर से स्तब्ध है। सभी लोग उनकी सलामती की दुआ मांग रहे है।

Ads