वीरभूमि, देवभूमि के बाद हिमाचल प्रदेश बनेगी खेलभूमिः कंवर

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

Ads

ऊना। ग्रामीण विकास, पंचायती राज, कृषि, मत्स्य तथा पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश वीरभूमि व देवभूमि के साथ-साथ खेल भूमि भी बनेगा। यह बात उन्होंने 31 सब जूनियर खो-खो प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आज कही।

समापन कार्यक्रम में बतौर मुख्यतिथि शामिल हुए वीरेंद्र कंवर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश खेलों के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के सहयोग से प्रदेश सरकार खेलों व खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं जुटा रही है।

उन्होंने कहा कि जिला ऊना ने पद्मश्री चरणजीत सिंह, दीपक ठाकुर व निषाद कुमार जैसे अनेकों खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रौशन किया है और देश के लिए मेडल जीते। कंवर ने कहा कि इस बार टोक्यो में आयोजित हुए ओलंपिक खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया और उम्मीद है कि आने वाले ओलंपिक्स में मेडल की संख्या बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने खेलो इंडिया कार्यक्रम के तहत इस क्षेत्र में बहुत अधिक काम किया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि ऊना के लिए गर्व की बात है कि 31 सब जूनियर खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन जिला में हुआ, जिससे युवा खेल की ओर आकर्षित होंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिस्पर्धाएं युवाओं में खेल की भावना पैदा करती हैं।

प्रतियोगिता में लड़कों व लड़कियों के वर्ग में महाराष्ट्र चैंपियन बना। जबकि लड़कों के वर्ग में कर्नाटक दूसरे स्थान पर, जबकि पश्चिम बंगाल व हरियाणा तीसरे स्थान पर रहा। वहीं लड़कियों के वर्ग में पंजाब ने दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि राजस्थान व दिल्ली ने तीसरी स्थान पाया।

इस अवसर पर गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अशोक शर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, जिला परिषद उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा, प्रदेश खो-खो संघ के चेयरमैन राकेश ठाकुर, अध्यक्ष अभिषेक ठाकुर, डीडी तनवर, एलआर वर्मा, राजेश शर्मा, आरके डोगरा, टी आर चोपड़ा, प्रधानाचार्य ऊना राजकीय महाविद्यालय डॉ. त्रिलोक चंद, खो-खो फेडरेशन इंडिया के महासचिव एमएस त्यागी, सहित विभिन्न खो-खो संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।