आदर्श हिमाचल ब्यूरो
हमीरपुर। किसान संघ, हिमाचल प्रदेश की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेशाध्यक्ष सुरेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में अखिल भारतीय अध्यक्ष सांई रेड्डी, संगठन मंत्री दिनेश कुलकर्णी तथा उपाध्यक्षा सुशीला विष्णोई का सानिध्य प्राप्त हुआ। इस दौरान प्रदेश में भारतीय किसान संघ को और अधिक मजबूत बनाने, संगठन के विस्तार तथा किसानों एवं बागवानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में प्रदेश के किसानों एवं बागवानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। कृषि एवं बागवानी क्षेत्र के विकास, किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में फलदार पौधों की उपलब्धता, उनकी गुणवत्ता, निर्धारित मूल्य तथा किसानों को मिलने वाली सब्सिडी एवं अनुदान व्यवस्था को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों को कृषि एवं बागवानी विभाग की योजनाओं और सुविधाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध होना आवश्यक है, ताकि वे सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठा सकें।
बैठक में किसानों तक विभागीय योजनाओं एवं महत्वपूर्ण जानकारियों को एसएमएस, बैठकों तथा अन्य माध्यमों से पहुंचाने पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों का कहना था कि किसानों को समय पर सही जानकारी मिलने से वे उपलब्ध योजनाओं और सुविधाओं का बेहतर उपयोग कर सकेंगे।
संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा अधिक से अधिक किसानों को भारतीय किसान संघ से जोड़ने पर जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए किसानों की समस्याओं को समझने और उन्हें संबंधित विभागों एवं सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की अर्थव्यवस्था में कृषि एवं बागवानी का महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे में किसानों और बागवानों के सामने आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान आवश्यक है। भारतीय किसान संघ किसानों के हितों की रक्षा और उनकी आवाज को मजबूत मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
बैठक में आगामी समय की संगठनात्मक गतिविधियों एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। भारतीय किसान संघ हिमाचल प्रदेश ने संकल्प लिया कि प्रदेश के किसानों एवं बागवानों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा तथा उनके अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में प्रदेशमंत्री उमेश सूद, संगठन मंत्री हरिराम सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











