आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला । एएचएसबी (AHSB) में कक्षा 7 के छात्र वेदांत शर्मा द्वारा अपनी पहली पुस्तक “Where the Window Begins” के सफल प्रकाशन पर विद्यालय परिवार ने उन्हें सम्मानित किया। इस उपलब्धि को विद्यालय ने विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
वेदांत शर्मा की यह पुस्तक कबीर और वेदांत के बीच दोस्ती की एक संवेदनशील कहानी प्रस्तुत करती है। कहानी में बैकबेंच की खामोश बातचीत के माध्यम से विश्वास, आत्मबल और भावनात्मक जुड़ाव की खूबसूरत यात्रा को दर्शाया गया है, जो पाठकों को गहराई से प्रभावित करती है।
एक नवोदित लेखक के रूप में वेदांत को लेखन में विशेष रुचि है। वे प्रसिद्ध लेखक Ruskin Bond की रचनाओं से प्रेरणा लेते हैं और विशेष रूप से हॉरर कहानियों को पढ़ना पसंद करते हैं। वे भविष्य में अपनी लेखन यात्रा को आगे बढ़ाते हुए इस पुस्तक का अगला भाग (सीक्वल) लिखने की योजना भी बना रहे हैं, जिसमें पात्रों की आगे की कहानी को विस्तार दिया जाएगा।
विद्यालय प्रबंधन ने वेदांत की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के रचनात्मक प्रयास न केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारते हैं, बल्कि उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए भी प्रेरित करते हैं। विद्यालय ऐसे प्रयासों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा, ताकि छात्र अपनी क्षमताओं को पहचान कर समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बना सकें।











