आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला । संजय सिंह चौहान, अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक लिमिटेड, ने कहा कि डिजिटल युग में सहकारी बैंकिंग को मजबूत, पारदर्शी और आधुनिक बनाना समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक ऑफ इंडिया (कोबी) द्वारा, एग्रीकल्चरल कोऑपरेटिव स्टाफ ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट (एसीएसटीआई), संगटी, शिमला में *“कोऑपरेटिव थॉट्स एंड बैंकिंग फंक्शनल मैनेजमेंट”* विषय पर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक की महत्वपूर्ण सहभागिता रही।
इस अवसर पर भीभा सिंह, अध्यक्ष, झारखंड राज्य सहकारी बैंक, वी. के. दुबे, प्रबंध निदेशक, सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक ऑफ इंडिया, तथा देवेंद्र श्याम, अध्यक्ष, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की गरिमामयी उपस्थिति रही।
27 से 29 अप्रैल 2026 तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में झारखंड, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र (कॉसमॉस कोऑपरेटिव बैंक, पुणे) तथा हिमाचल प्रदेश के सहकारी बैंकों एवं हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सहकारी बैंकिंग प्रणाली को आधुनिक तकनीकों, डिजिटल सेवाओं एवं भारतीय रिजर्व बैंक/राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुदृढ़ करना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा, धोखाधड़ी रोकथाम, केवाईसी नियम, सुरक्षित लॉकर व्यवस्था तथा डिजिटल बैंकिंग (एनईएफटी, आरटीजीएस, एनएसीएच, एटीएम, यूपीआई आदि) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गईं। साथ ही विभिन्न राज्यों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को साझा कर कार्यक्षमता बढ़ाने पर बल दिया गया।
इस अवसर पर संजय सिंह चौहान ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम सहकारी बैंकों को नई दिशा देने के साथ-साथ उन्हें अधिक दक्ष, पारदर्शी एवं जवाबदेह बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इससे न केवल संस्थागत क्षमता मजबूत होगी, बल्कि किसानों एवं ग्रामीण जनता को बेहतर, सुरक्षित एवं तेज बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी।
अंत में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कोबी द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सहकारी बैंकिंग क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने में मील का पत्थर साबित होगा तथा देश के ग्रामीण एवं कृषि विकास को नई गति प्रदान करेगा।











