भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, कहा किसी की देश भक्ति का पैमाना नापने वाली भाजपा कौन होती हैं: रावत

आदर्श हिमाचल ब्यूरो 

Ads

 

 

देहरादून: घर पर तिरंगा न लगाने वालों को विश्वास योग्य न मानने संबंधी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भट्ट को कठघरे में करते हुए तीखा हमला बोला। रावत ने कहा कि भाजपा के नये अध्यक्ष बहुत विनम्र व्यक्ति हैं। मगर उनका बयान बहुत दु:ख पहुंचा गया। किसी की देश भक्ति का पैमाना नापने वाली भाजपा कौन होती है। और यदि तिरंगा झंडा घर पर फहराना ही राष्ट्रभक्ति कहलाती है तो फिर उनके निकटवर्ती तो कई ऐसे लोग रहे हैं, ऐसे संगठन रहे हैं जिनका हम भी आदर करते हैं, जिन्होंने तिरंगे को नहीं फहराया। भाजपा के शासनकाल में पिछले साढ़े सात वर्षों में गरीबी की रेखा के नीचे गये हैं।

 

 

कहां से उन गरीबों के पास झंडा और डंडा खरीदने के लिए पैसा आएगा। माहरा ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष भट्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने बिलकुल सही कहा है। क्योंकि यही वो लोग हैं, जिन्होंने 51-52 साल तक अपने संघ कार्यालय पर झंडा नहीं फहराया। जिन लोगों ने वहां तिरंगा फहराने की कोशिश की, उन्हें वर्ष 2013 तक मुकदमे झेलने पड़े। गोदियाल ने भी भट्ट को घेरते हुए कहा कि भट्ट का बयान बेहद अपरिपक्व है।

 

 

एक राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष को सोचसमझ कर बयान देना चाहिए। आज पहाड़ में तमाम लोग अपने घरों पर झंडा नहीं लगा पाए हैं। इसकी वजह यह भी है कि भाजपा के शासनकाल में लोगों की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हुई है। लेकिन उत्तराखंड के लोग महान देशभक्त हैं। देश उनके दिल में धड़कता है। यदि भट्ट को तिरंगा न लगाने वाले लोगों को पहचानना है तो उन्हें नागपुर अपने संघ मुख्यालय जाना चाहिए। वहीं के लोग जानबूझकर अपने घरों पर तिरंगा नहीं फहराते। प्रीतम ने कहा कि तिरंगा हर देशवासी के दिल में बसता है।

 

 

आजादी के आंदोलन के दौरान अंग्रेजों के साथ खड़े रहने वाले लोगों को क्या पता तिरंगा के प्रति आम देशवासी की क्या भावना है। जो लोग 52 साल तक अपने मुख्यालय पर पर तिरंगा नहीं फहराए हैं आज वो हर घर तिरंगा और राष्ट्रभक्ति की बात कर रहे हैं।