कोरोना अपडेट: सात जवानों, डॉक्टर, तीन सेब व्यापारियों सहित आठ जिलों से आए 40 नए मामले, कुल आंकड़ा हुआ 1417

सिरमौर में संक्रमित गर्भवती महिला के संपर्क में आने से दस आये कोरोना की चपेट में, सक्रिय मामले 382

आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। प्रदेश में आज आठ जिलों से 40 नए मामले सामने आए हैं। आज सबसे ज्यादा 10 मामले सिरमौर जिले में आए हैं। सभी गर्भवती पॉजिटिव महिला के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। चंबा में डॉक्टर, दिल्ली से लौटे चार पुलिस कर्मियों समेत सात, शिमला के ज्यूरी में आईटीबीपी जवान समेत छह, कुल्लू में तीन सेब व्यापारियों समेत पांच, सोलन में चार, किन्नौर और कांगड़ा में तीन-तीन मामले सामने आए हैं।
मंडी में दिल्ली से परिजनों के साथ आई दो साल की बच्ची भी पॉजिटिव पाई गई है। इसके साथ ही हिमाचल में संक्रमितों का आंकड़ा 1400 के पार हो गया है। नाहन के गोविंदगढ़ मोहल्ले में जुलाई के प्रथम सप्ताह में पंजाब से बरात आई थी। इसमें गर्भवती महिला और अब उससे 10 लोग संपर्क में आने से पॉजिटिव हुए है।
यह भी पढ़ें: नेपाली श्रमिकों का प्रबंध करें प्रदेश सरकार: महिला कांग्रेस
इसमें महिला का पति, दो बच्चे और सात अन्य लोग हैं। चंबा के पॉजिटिव चारों पुलिस कर्मियों का यात्रा इतिहास दिल्ली से जुड़ा है। दो अन्य व्यक्ति किर्गीस्तान से लौटे हैं। ये शहर के हटनाला और जनसाली मोहल्ले से हैं और पेड क्वारंटीन में थे। डलहौजी में तैनात 28 वर्षीय महिला डॉक्टर भी संक्रमित पाई गई है। सभी को कोविड केयर सेंटर बालू शिफ्ट किया है।
कुल्लू के आनी में उत्तर प्रदेश और बिहार के तीन सेब व्यापारियों समेत पांच लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी क्वारंटीन थे। किन्नौर के पॉजिटिव तीन लोगों में दो आईटीबीपी के जवान और एक बीआरओ का झारखंड से आया मजदूर है। कांगड़ा के तीन पॉजिटिव मरीज दिल्ली और नोएडा से लौटे हैं।
आज नए मरीज  और ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा एक बराबर रहा है। आज जहां 40 नए मरीज आये हैं तो ठीक होने वालों की संख्या भी 40 ही है। आज छह जिलों से 40 लोग ठीक हुए हैं। इनमे सर्वाधिक 14 मरीज किन्नौर से हैं जबकि कांगड़ा से 10, सोलन से नौ, बिलासपुर से चार, हमीरपुर से दो और चम्बा से एक मरीज शामिल हैं।
आज आये नए मरीजों के बाद प्रदेश में कोरोना संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 1417 हो गए हैं जबकि 1011 लोगों के ठीक होने के बाद अब सक्रिय मामले 382 रह गए हैं।

Ads