आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की ओर से जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर सरकार के समक्ष मांगपत्र प्रस्तुत किया गया। पार्टी ने कहा कि आम जनता, मजदूरों, कर्मचारियों और गरीब वर्ग से जुड़े विषयों पर सरकार को शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने चाहिए।

मांगपत्र में प्रमुख रूप से भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई, कर्मचारियों एवं मजदूरों के हितों की रक्षा, बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, श्रमिकों के लिए 8 घंटे का कार्यदिवस सुनिश्चित करने तथा न्यूनतम वेतन में वृद्धि की मांग की गई है।

इसके अलावा पार्टी ने नशे के कारोबार पर कठोर कार्रवाई, गरीब परिवारों को राशन व्यवस्था मजबूत करने, घरेलू गैस सिलेंडर सस्ती दरों पर उपलब्ध कराने, सरकारी स्कूलों के स्तर में सुधार, एमआरपी से अधिक मूल्य वसूलने वालों के खिलाफ कार्रवाई तथा सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हटाने की मांग भी उठाई।
पार्टी का कहना है कि सरकार को जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और सामाजिक-आर्थिक व्यवस्था मजबूत हो सके। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन तेज किया जाएगा।











