दीवान राजा
आनी/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के आनी की ग्राम पंचायत डीम के देवता मड़ेलू युवा मंडल भदराल और महिला मंडल भदराल ने संयुक्त रूप से देवदार के 400 पौधे रोपित किए। युवा मंडल के प्रधान ताबे राम ने बताया कि प्रकृति वंदन कार्यक्रम के उपलक्ष पर युवा मंडल और महिला मंडल भदराल के सदस्यों ने मिलकर ठारवा बीट के अन्तर्गत रिंडाथाच में पौधारोपण किया। इस अभियान के तहत महिला मंडल भदराल ने 200 पौधे और देवता मड़ेलू युवा मंडल भदराल ने 200 पौधे रोपित करके प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया है।
युवा मंडल के सचिव घनश्याम ने सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जंगल सिमटते जा रहे हैं। पेड़-पौधों की संख्या भी घटती जा रही है। इसके कई दुष्परिणाम भी सामने आ रहे हैं। इससे बचने के लिए अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाने और जंगल बचाने की जरूरत है। सभी लोगों को पौधरोपण के लिए आगे आना होगा। सभी की सहभागिता से ही पौधरोपण अभियान को प्रभावी बनाया जा सकता है। इसके लिए व्यापक पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। लोग जागरूक होंगे, तभी वे इस अभियान में अपना हाथ बटाएंगे। वन विभाग और समाजिक संस्थाओं के स्वयंसेवियों को भी चाहिए कि वे लोगों को पेड़-पौधों की महत्ता और आवश्यकता के बारे में बताकर उन्हें पौधरोपण के लिए प्रेरित करें । क्योंकि लोगों में जानकारी का भी अभाव है इस कारण भी लोग पौधरोपण के लिए आगे नहीं आते। इसके लिए गांव-गांव में निरंतर प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। युवा मंडल और महिला मंडल द्वारा रोपित किए गए देवदार के 400 पौधे और उनका संरक्षण करने की जिम्मेवारी भी युवा मंडल और महिला मंडल के सदस्यों ने ली है और भविष्य में भी प्रकृति संरक्षण की दिशा में कदम उठाने का निर्णय लिया।











