गौसेवा सबसे बड़ा धर्म, गौ संरक्षण का सभी लें संकल्प: धूमल

0
8

गोपाष्ठमी पर जमली धाम में पूर्व मुख्यमंत्री ने किया गौ पूजन

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

हमीरपुर। गौ सेवा सबसे बड़ा धर्म है गोपाष्टमी के शुभ अवसर पर सभी लोगों को गौ सरंक्षण का संकल्प लेना चाहिए। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने गोपाष्टमी के अवसर पर हमीरपुर के ठाकुरद्वारा गौशाला जमली धाम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए यह बात कही ।

 

गोपाष्टी के मौके पर गुरुवार को ठाकुरद्वारा गौशाला जमली धाम में गौ पूजन का अनुष्ठान हुआ। इस मौके पर गौ पूजन करने के लिए विशेष रूप से प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल भी पहुंचे। उन्होंने गौ पूजन किया और हवन यज्ञ में आहुति भी डाली। इसके उपरांत पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल वहां मौजूद संगत के साथ अमर कथा भागवत भी सुना। भागवत के उपरांत वहां मौजूद संगत से उन्होंने आह्वान किया कि गौ सेवा सबसे बड़ा धर्म है।

 

गौ माता भारतीय संस्कृति की भी प्रतीक है। आज प्रदेश में बड़ी तदाद में गौशालाएं चल रही हैं तथा सरकार भी गौ सदनों का निर्माण करवा रही है ताकि गौधन सड़क पर बेसहारा न घूमे। उन्होंने कहा कि सामथ्र्य अनुसार लोग देसी गाय जरूर पालें। देसी गाय का दूध, घी, मूत्र इत्यादि सब स्वास्थ्यबर्धक होता है तथा इससे कई प्रकार की बीमारियां खत्म होती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों से कहा कि वे सभी संकल्प लें कि गौधन को सड़कों पर नहीं छोड़ेंगे और उसकी रक्षा के लिए हमेशा समाज में भागीदारी निभाएंगे। उन्होंने कहा कि सत्संग व भागवत सुनने से मनुष्य का मन पवित्र होता है तथा उसमें धार्मिक आस्था का संचार भी होता है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में उनकी सरकार थी तो गाय को कोई भी बेसहारा न छोड़े इसके लिए कानून बनाया। गाय के कान पर टैेग सिस्टम लगाना शरू किया था। लेकिन कुछ दुष्ट लोगों ने गाय के कान काट दिए।

 

गौशाला कमेटी की ओर से रसील सिंह मनकोटिया ने कहा कि जमली धाम गौशाला में वर्तमान समय मे सैकड़ो गउओं की सेवा की जा रही है तथा स्थानीय लोग, समाजसेवी और सरकार सहित कई व्यापारी वर्ग भी इस गौशाला की मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस गौशाला की स्थापना पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल द्वारा करवाई गई थी । आज ये गौशाला एक धार्मिक स्थल बन चुका है। इसमें गौशाला कमेटी की रात दिन की मेहनत भी है तथा लोगों का भी सहयोग है।

 

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने गौसेवकों को सम्मानित भी किया। इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्यारे लाल शर्मा, एपीएमसी के चेयरमैन अजय शर्मा, पार्षद विपिन शर्मा, भाजपा नेता विजय बहल,बीना शर्मा, त्रिलोक डडवाल, कालाअंब पंचायत के पूर्व प्रधान सुरेश ठाकुर, पूर्व बीडीसी संजीब शर्मा, बमसन ब्लॉक टौणीदेवी की चेयरमैन सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।