उद्योग मंत्री ने लंडीयारा में किया जनसमस्याओं का निवारण कहा…. वर्तमान सरकार ने किया जसवां परागपुर का किया सर्वांगीण विकास

आदर्श हिमाचल ब्यूरो,

Ads

देहरा : उद्योग, परिवहन व श्रम एवं रोज़गार मंत्री बिक्रम ठाकुर ने आज वीरवार को जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के लंडीयारा में जनसंवाद के माध्यम से लोगों को सरकार द्वारा चलायी जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाया। उद्योग मंत्री ने क्षेत्र के लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार का कार्यकाल जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र का स्वर्णिम काल सिद्ध हुआ। उन्होंने कहा की जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास हेतु मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आशा से अधिक दिया है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार किसी विधानसभा क्षेत्र को एक साथ दो एसडीएम कार्यालय मिले तो वह वर्तमान सरकार द्वारा जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र को मिले। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के जसवां परागपुर के प्रति लगाव को ही दर्शाता है कि उन्होंने एक ही दिन में जसवां परागपुर के कोटला और रक्कड़ में एसडीएम कार्यालयों की सौग़ात दी। उन्होंने कहा कि जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के सुदूर इलाक़ों में एसडीएम कार्यालयों के खुलने से लोगों को बहुत राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग और जल शक्ति विभाग का अपना मंडल उपलब्ध करवाने का कार्य भी वर्तमान सरकार ने किया।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि कोटला में लोक निर्माण विभाग और परागपुर में जल शक्ति विभाग का मंडल खुलने से भी क्षेत्र के लोग मुख्यधारा से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि आज से पूर्व जहां जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को इन विभागों से सम्बंधित कार्यों के लिए मीलों दूर जाना पड़ता था और फिर भी सुनवाई नहीं होती थी वहीं आज उनके प्रयासों से यह सभी विभाग जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों के घर तक पहुँचे हैं। उन्होंने कहा कि इसी का परिणाम है कि आज क्षेत्र का लगभग हर गाँव पक्की सड़कों और रास्तों से जुड़ा है। जिन क्षेत्रों में स्वतंत्रता के इतने वर्षों तक भी सड़क नहीं पहुँच पायी थी वहाँ भी सड़क पहुँचाने का कार्य उन्होंने अपने वर्तमान कार्यकाल में किया। साथ ही क्षेत्र में जलापूर्ति के लिए भी करोड़ों की लागत से व्यवस्थाओं व संसाधनों का निर्माण किया जा रहा है।

बिक्रम ठाकुर ने कहा कि विकास के जो आयाम वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र ने हासिल किए हैं उसकी कल्पना शायद क्षेत्र के लोगों ने भी नहीं की थी। उन्होंने कहा कि विकास और लोक-कल्याण की यह यात्रा इसी प्रकार चलती रहे इस हेतु क्षेत्र के लोग उनका व वर्तमान सरकार का साथ देते रहें, जिससे जसवां परागपुर प्रदेश के सबसे विकसित क्षेत्रों में एक बन सके। इस अवसर पर उद्योग मंत्री ने जनसमस्याओं को सुनते हुए अधिकतम का मौक़े पर निपटारा किया व शेष के समयबद्ध निवारण हेतु सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।