।
आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा ने राजीव गांधी खेल परिसर, संजौली (पुराना एसपीएम ग्राउंड) में रोटारैक्ट, गवर्नमेंट डेंटल कॉलेज शिमला के छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित गरबा एवं डांडिया कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के आयोजन के लिए विद्यार्थियों ने विधायक हरीश जनारथा से मुलाकात कर खेल परिसर में गरबा एवं डांडिया कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया था। विद्यार्थियों के आग्रह पर विधायक ने आवश्यक सहयोग प्रदान किया, जिससे छात्र-छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी को शारदीय नवरात्रों की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गरबा और डांडिया जैसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ युवाओं की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में आपसी सद्भाव, सहयोग और सामाजिक एकता की भावना को मजबूत करते हैं। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिलता है।
- इस अवसर पर स्थानीय पार्षद अंकुश वर्मा भी उपस्थित रहे।











