आदर्श हिमाचल ब्यूरों
बिलासपुर । प्रदेश के नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने शनिवार को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की नवगठित देहरा हटवाड़ पंचायत के कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। पूजा-अर्चना के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पंचायतें सरकार और जनता के बीच सबसे मजबूत कड़ी हैं और ग्रामीण विकास की सबसे सशक्त आधारशिला भी।
आधुनिक पंचायत भवन के लिए 1.20 करोड़ रुपये की घोषणा
मंत्री ने घोषणा की कि पंचायत द्वारा उपयुक्त भूमि उपलब्ध करवाते ही प्रदेश सरकार लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त आधुनिक पंचायत भवन का निर्माण करेगी, जिससे ग्रामीणों को बेहतर प्रशासनिक एवं विकासात्मक सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सकें।
ग्रामीण विकास और पंचायतों को मजबूत बनाने पर जोर
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बड़ी पंचायतों का पुनर्गठन कर रही है, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ पंचायत स्तर पर ही आसानी से मिल सके। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से पारदर्शिता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।
शिक्षा में बड़े सुधार
मंत्री ने बताया कि प्रदेश के 100 से अधिक सरकारी स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम में बदलकर सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। पांचवीं और आठवीं की बोर्ड जैसी वार्षिक परीक्षाएं फिर से लागू की गई हैं। स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल सुविधाएं और आधुनिक पुस्तकालय विकसित किए जा रहे हैं, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
स्वास्थ्य और हिमकेयर पर सरकार का फोकस
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक मशीनें स्थापित की जा रही हैं तथा लगभग 3000 करोड़ रुपये की स्वास्थ्य अधोसंरचना परियोजना पर कार्य जारी है। सरकार हिमकेयर योजना की सहायता राशि बढ़ाकर 7 से 10 लाख रुपये तक करने की दिशा में भी काम कर रही है।
घुमारवीं में तेज होगा विकास
मंत्री ने बताया कि हटवाड़ क्षेत्र में सड़कों के उन्नयन का कार्य जारी है। लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से डे-बोर्डिंग स्कूल का निर्माण हो रहा है और लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए 65 से अधिक नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में पंचायत प्रधान मनोज कुमारी, उपप्रधान देशराज, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चेम्बल सिंह, हटवाड़ पंचायत प्रधान काशीराम, हम्बोट पंचायत प्रधान मति देवी, बीडीसी सदस्य सुभाष चंद्र, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।











