संजय अवस्थी ने जयराम ठाकुर की आलोचना, कहा….मण्डी संसदीय सीट पर जिस प्रकार उन्हें अपना पसीना बहाना पड़ रहा है,उसे देख कर उन पर तरस आ रहा है 

मुख्य संसदीय सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संजय अवस्थी
मुख्य संसदीय सचिव, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संजय अवस्थी
आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने भाजपा को भ्रष्टाचार की जननी बताते हुए कहा है कि जिस पार्टी के नेताओं ने कोविड के दौरान पीपी किट्स,  सेनेटाइजर  व मास्क तक के घोटाले किये हो आज वह अपने आप को बहुत ही ईमानदार होने का दावा कर रहें है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष को उस समय अपने पद से इस्तीफा तक देना पड़ा था । भाजपा के नेता आज कांग्रेस पर झूठे व आधारहीन आरोप लगा कर लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रहें है।

संजय अवस्थी ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की आलोचना करते हुए कहा है कि मण्डी संसदीय सीट पर जिस प्रकार उन्हें अपना पसीना बहाना पड़ रहा है,उसे देख कर उन पर तरस आ रहा है। मण्डी संसदीय सीट पर उनके प्रत्याशी की हार निश्चित है क्योंकि लोग अभिनेता को नही नेता को पसंद करते है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर कंगना के पीआरओ बन कर उनका स्टेज संचालन कर रहें है। 

अवस्थी ने जयराम ठाकुर के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा है कि अगर वह मुख्यमंत्री होते तो राज्यसभा सीट हारने के बाद पद से इस्तीफा दे देते पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि छलकपट से भाजपा ने इस सीट को जीता है,जबकि बहुमत कांग्रेस के पास है। उन्होंने कहा कि जयराम प्रदेश में मण्डी संसदीय सीट सहित प्रदेश के तीन उप चुनाव चार जीरो से बुरी तरह हारे,उस समय उन्होंने अपना मुख्यमंत्री का पद क्यों नही छोड़ा।  प्रदेश में उनकी सरकार होते हुए प्रदेश के लोगों ने धनबल को पूरी तरह ठुकरा दिया था ।
उन्होंने कहा कि सत्ता की लालसा में भाजपा नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ता जा रहा है और इसी के चलते उन्होंने कांग्रेस के छह विधायकों की खरीद फरोख्त कर लोकतंत्र  में जनमत का अपमान किया है। प्रदेश के लोग उन्हें इस अपमान का बदला इन चुनावों में पराजित कर देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की चारों लोकसभा व छह उप चुनावों में कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहरायेगी।  भाजपा को उसकी करनी का फल 4 जून को चुनाव परिणाम आने के बाद मिल जाएगा।
Ads