आदर्श हिमाचल ब्यूरों
चंबा । उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मुकेश रेपसवाल ने पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन पर जिला चंबा के समस्त मतदाताओं, मीडिया प्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा पुलिस एवं होमगार्ड जवानों का आभार व्यक्त किया है ।
उपायुक्त आज बचत भवन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बोल रहे थे।उन्होंने कहा कि जिला में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 26, 28 और 30 मई को शांतिपूर्ण तथा सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए।
31 मई को मतगणना के उपरांत सभी परिणाम घोषित कर दिए गए। पूरी निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जिला में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य रही तथा कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
उपायुक्त ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में लगभग 3800 कर्मचारियों तथा 700 पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि जिला चंबा में तीनों चरणों के दौरान कुल 81.01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
इनमें पुरुष मतदाताओं का प्रतिशत 77.03 तथा महिला मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 84.39 रहा। सर्वाधिक मतदान विकासखंड तीसा में लगभग 85 प्रतिशत तथा सबसे कम मतदान विकासखंड भरमौर में लगभग 74 प्रतिशत दर्ज किया गया है
उपायुक्त ने बताया कि कुल 3,30,882 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिनमें 1,60,714 पुरुष तथा 1,70,108 महिला मतदाता शामिल रहे।
उन्होंने बताया कि 400 वार्ड सदस्य, 7 उपप्रधान, 4 पंचायत प्रधान तथा 1 पंचायत समिति सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
मुकेश रेपसवाल ने विकासखंड सलूणी की ग्राम पंचायत करवाल को निर्विरोध पंचायत चुने जाने पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायत को प्रोत्साहन राशि के रूप में 25 लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया में कुल 7,807 उम्मीदवारों ने भाग लिया। चुनाव परिणामों के उपरांत 18 जिला परिषद सदस्य, 135 पंचायत समिति सदस्य, 319 पंचायत प्रधान, 319 उपप्रधान तथा 1,793 वार्ड सदस्य निर्वाचित हुए हैं।
उपायुक्त ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे ग्रामीण विकास, जनकल्याण तथा स्थानीय समस्याओं के समाधान हेतु समर्पित भावना से कार्य करते हुए पंचायतों के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।










