आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे सभी शिक्षण संस्थान
आदर्श हिमाचल ब्यूरो
हमीरपुर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सभी शिक्षण संस्थानों में आधुनिक सुविधाओं का प्रावधान कर रही है, जिससे हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में नई बुलंदियों को छूएगा। सोमवार को यहां ब्वायज सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में छात्राओं की तीन दिवसीय जिला स्तरीय अंडर-19 खेल प्रतियोगिता का उदघाटन करते हुए सुनील शर्मा ने कहा कि आज लड़कियां पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य सभी क्षेत्रों में भी लड़कों से पीछे नहीं हैं। इन्होंने हर क्षेत्र में ऊंचे मुकाम हासिल किए हैं।
यह भी पढ़े:- ठियोग: रोपा गाँव के निवासी अनोखी राम के घर की हालत जजर्र, छत की सड़ चुकी है सभी लकड़ियाँ
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेलों का बहुत महत्व होता है। एक खिलाड़ी मेहनत, संघर्ष, दृढ़ इच्छाशक्ति और अनुशासन का संदेशवाहक होता है। खेल के मैदान में खिलाड़ी कई बार गिरता और हारता है, लेकिन गिर कर दोबारा उठना और हारने के बाद जीतने के लिए संघर्ष करना तथा उसके बाद जीत हासिल करने का सबक भी वह मैदान में ही सीखता है। ये सभी गुण ही हमें जीवन में सफलता के शिखर पर पहुंचाते हैं।

