आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव जगदीश शर्मा ने मंगलवार को राजभवन में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय को अपने बागीचे के सेब भेंट किए, जिसे सुभाष पालेकर प्राकृतिक कृषि प्रणाली के अनुरूप विकसित किया गया है। इस अवसर पर शर्मा ने राज्यपाल को अपनी भूमि में उच्च घनत्व वाले बाग विकसित करने के लाभ और तरीके से अवगत कराया। आज उनके डेढ़ हेक्टेयर भूमि में 1400 सेब के उच्च घनत्व वाले पौधे हैं।
यह भी पढ़ेंः- जानलेवा वायु प्रदूषण पर राष्ट्रीय सचिव रालोद ने घेरा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को
उन्होंने केवल 38 पौधों के साथ प्राकृतिक खेती शुरू की थी और इस पर प्रति हेक्टेयर लगभग 4.38 लाख खर्च किया था जो अब यह घटकर केवल 50 हजार प्रति हेक्टेयर रह गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में यह कम लागत वाला निवेश होगा। प्राकृतिक खेती अपना कर उत्पादन की लागत तेजी से घट रही है जबकि उत्पादकता कम नहीं हुई है। प्राकृतिक खेती से उत्पादित सेब की बाजार में प्रति बाॅक्स 3000 हजार से अधिक कीमत मिल रही है। उन्होंने राज्य के किसानों को भारतीय नस्ल की गाय पालने और प्राकृतिक खेती को अपनाकर उच्च घनत्व वाले बागीचे में स्थानांतरित करने का सुझाव दिया जैसा कि पश्चिम के सेब उत्पादक देशों में किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें बागवानी, पुष्प उत्पादन, रेशम उत्पादन और मशरूम उत्पादन का सरकारी कर्मचारी के रूप में अतीत का अनुभव है और उस अनुभव का लाभ उठाकर उन्होंने प्राकृतिक खेती पर आधारित सेब के बागीचे विकसित किए जिसके अच्छे परिणाम प्राप्त हुए हैं।