कोरोना अपडेट: ऊना में दुराचार का आरोपी निकला संक्रमित, पुलिसकर्मी व संपर्क में आये लोगों को किया होम क़वारन्टीन, अम्ब थाना सील

पांच जिलों से आये 11 नए मामले,  संक्रमितों का कुल आंकड़ा पहुंचा 1182

आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला/सोलन/ऊना। प्रदेश में शनिवार को पांच जिलों से 11 नए मामले सामने आए हैं। इसमें ऊना चार, सिरमौर-हमीरपुर में एक-एक, कांगड़ा तीन और सोलन में दो मामले आए हैं। पंजाब के तरनतारन से ऊना जिले के अंब थाने में लाया गया महिला से दुराचार का आरोपी कोरोना संक्रमित निकला। आरोपी के संपर्क में आने से पुलिस कर्मचारियों सहित 30 से 40 लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया गया है, जबकि अंब थाने को सील कर सैनिटाइज किया जा रहा है।
इसके अलावा शुक्रवार को सोलन शहर में दो पुलिस कर्मियों और परवाणू ईएसआई अस्पताल में डॉक्टर के पॉजिटिव आने के बाद शनिवार को पुलिस लाइन, मिनी सचिवालय की लाइसेंस ब्रांच, परवाणू ईएसआई अस्पताल को सील कर दिया गया।
यह भी पढ़ें: टाउन हॉल के टपकने पर शिक्षा मंत्री ने लिया कड़ा संज्ञान, कहा, मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा मामला
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कांगड़ा में आए तीन मामलों में ऊना जिले के अंब में पंजाब के तरनतारन से लाया गया दुराचार का आरोपी शामिल है। आरोपी का कोरोना टेस्ट करवाने अंब से टांडा मेडिकल कॉलेज लाया गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सोलन के बीबीएन में एक महिला और एक युवक संक्रमित निकले हैं।
दो मामलों में इसके अलावा कांगड़ा जिले में जवाली के घाड़जरोट की बुजुर्ग महिला और नगरोटा सूरियां के बासा का अधेड़ संक्रमित पाया गया। उधर सिरमौर जिले के खेड़ा गांव में असम से लौटा सेना का जवान पॉजिटिव निकला। हमीरपुर जिले में नादौन के करड़ोह में एक कोरोना का मरीज सामने आया है। उधर ऊना में रात को चार कोरोना मरीज दर्ज किए गए हैं। ये मामले सलोह, अंबोवा और गोंदपुर से हैं। इनमें छह साल का बच्चा भी शामिल है। बच्चे को छोड़कर सभी संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर खड्ड शिफ्ट किया गया है।
आज आए नए मामलों के बाद अब प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 1182 पर पहुंच गया है। जबकि अब तक 895 लोग प्रदेश में स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव मामले घटकर 263 रह गए हैं। आज प्रदेश में नौ जिलों से 23 लोग ठीक हुए हैं। इनमे सबसे ज्यादा हमीरपुर से नौ, शिमला से चार, चम्बा से तीन, लाहौल-स्पिति से दो, जबकि कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर, मंडी और सोलन से एक-एक मरीज ठीक हुआ है।
 
 
 

Ads