अवैध सम्बंध में नई नवेली दुल्हन ने प्रेमी मौसेरे जीजा के साथ मिलकर करवायी पति की हत्या, एक सप्ताह बाद प्रेमी जीजा का भी मिला शव 

गुरुआ थाना क्षेत्र के लकड़ाही गांव के युवक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

नवेली दुल्हन ने प्रेमी मौसेरे जीजा के साथ मिलकर करवायी पति की हत्या
नवेली दुल्हन ने प्रेमी मौसेरे जीजा के साथ मिलकर करवायी पति की हत्या

शादी के पहले भी युवती ने प्रेमी जीजा के साथ मिलकर किया था युवक की हत्या का प्रयास 

आदर्श हिमाचल ब्यूरो 
गया। बिहार के गया में शादी के दो दिन बाद हुई दूल्हे की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है और युवक की नई नवेली दुल्हन को गिरफ्तार किया है। दुल्हन ने ही अपने मौसेरे जीजा के साथ मिलकर पति की हत्या करवायी थी। युवक की हत्या के क़रीब एक सप्ताह बाद प्रेमी जीजा का भी शव संदिग्ध परिस्थितियों में पुलिस ने बरामद किया था। दुल्हन का अपने मौसेरे  जीजा के साथ अवैध संबंध था।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी आशीष भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बीते 29 मई को गुरुआ थाना क्षेत्र के लकड़ाही गांव निवासी सुखदेव यादव के पुत्र अशोक कुमार की 29 मई की रात बरात गई थी,  जो 30 मई को वापस लौटी थी, उसके अगले दिन शाम में दोस्त का कॉल आने पर अशोक घर से बाहर गया था, उसके बाद वापस नहीं लौटा।
 इस दौरान पति की पूरी जानकारी दुल्हन अपने मौसेरे जीजा को दे रही थी। इसके बाद अशोक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव नहर किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने शव को बरामद कर गुरुआ थाने में मामला दर्ज किया और जांच पड़ताल शुरू की।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शेरघाटी के नेतृत्व में गठित  एसआईटी को अनुसंधान के क्रम में पता चला कि मृतक अशोक की नई नवेली पत्नी का अपने मौसेरे जीजा उपेंद्र यादव के साथ अवैध सम्बंध है, जिसके कई सबूत भी मिले। अभी पुलिस की जांच चल ही रही थी कि इसी दौरान आमस थाना क्षेत्र से अज्ञात व्यक्ति का एक शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान गुरुआ थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी रामदेव यादव के बेटे उपेंद्र यादव के रूप में हुई। इस संबंध में आमस थाने में मामला दर्ज किया गया।
एसएसपी ने बताया कि इस मामले में उपेंद्र यादव का भी शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतक अशोक की पत्नी रेवती कुमारी से कड़ी पूछताछ की। पूछताछ में उसने मौसेरे बहनोई के साथ मिलकर अपने पति की हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकारी।
 युवती ने बताया कि शादी से पहले ही होनेवाले पति अशोक कुमार को पता चल गया था कि मौसेरे बहनोई उपेंद्र यादव के साथ उसका अवैध संबंध है। उसने शादी से पहले ही मौसेरे बहनोई के साथ मिलकर होनेवाले पति की हत्या की साजिश रची थी, लेकिन उस वक्त वह बच गया था। इसके बाद शादी के दो दिन बाद ही मौका देख कर मौसेरे बहनोई के साथ मिलकर अपने पति अशोक की हत्या करवा दी।
एसएसपी आशीष भारती ने बताया कि इस मामले में जब्त किए गए मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच एवं बेहतर अनुसंधान के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। इस मामले में कई अन्य लोगों की भी संलिप्तता की बात आई है। जल्द ही संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी कर सजा दिलवायी जाएगी।
Ads