आदर्श हिमाचल ब्यूरों
रोहडू । शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने औ) राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रोहड़ू में खेल छात्रावास का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि खेल छात्रावास के स्थाई भवन को पूरा करने में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी और जल्द ही 50 लाख रुपये जारी कर निर्माण कार्य को गति दी जाएगी।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि रोहड़ू खेल छात्रावास की स्थापना वर्ष 1995 में हुई थी और लगभग 25 वर्षों तक यह निजी भवन में संचालित होता रहा। वर्ष 2025 में हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के खाली भवन को खेल छात्रावास के लिए स्वीकृत किया गया। भवन के त्वरित कायाकल्प पर लगभग 21 लाख रुपये खर्च किए गए हैं, जिसमें जीर्णोद्धार पर 11 लाख, खेल उपकरणों पर 5 लाख तथा बिस्तर एवं फर्नीचर पर 5.50 लाख रुपये शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि स्थाई खेल छात्रावास भवन की संशोधित लागत लगभग 2.5 करोड़ रुपये है। वर्तमान में यहां फुटबॉल और वॉलीबॉल प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है तथा दोनों खेलों के लिए 20-20 सीटें स्वीकृत हैं। कबड्डी का प्रशिक्षण शुरू करने के लिए भी हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में पहले 8 खेल छात्रावास संचालित होते थे, जबकि वर्तमान सरकार ने इनकी संख्या बढ़ाकर 11 कर दी है। उन्होंने कहा कि आज खेल बेहतर करियर विकल्प बन चुका है और हिमाचल के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। खेल कोटे के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।
शिक्षा क्षेत्र में व्यापक सुधार
शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए हैं। शिक्षा विभाग में अब तक लगभग 9 हजार पद भरे जा चुके हैं और 12 हजार से अधिक पद भरने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (NAS) में हिमाचल प्रदेश 21वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचा है।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में प्रदेश के 150 राजकीय विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है तथा आगामी चरण में 150 और विद्यालयों को सीबीएसई से संबद्ध करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा विभाग के भवनों के निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने तथा विभिन्न विद्यालयों में रिक्त पद भरने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि विद्यालय में बहुउद्देशीय हॉल और अतिरिक्त भवन की मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। छौहारा क्षेत्र में सीबीएसई विद्यालय खोलने तथा अन्य रिक्त पदों को भरने संबंधी मांगों पर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विद्यार्थियों से किया संवाद
शिक्षा मंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता, शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ की कमी, सभागार तथा कबड्डी मैट सहित विभिन्न विषयों पर विद्यार्थियों की मांगें सुनीं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में विद्यार्थियों और शिक्षकों को लगातार स्वयं को अपडेट करने की आवश्यकता है। विद्यार्थियों द्वारा उठाई गई मांगों पर उन्होंने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने शिक्षा मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि रोहित ठाकुर के शिक्षा मंत्री बनने के बाद रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विद्यालयों के निर्माणाधीन भवनों के कार्यों में तेजी आई है। उन्होंने छौहारा विकासखंड में सीबीएसई विद्यालय शुरू करने सहित क्षेत्र की विभिन्न मांगें शिक्षा मंत्री के समक्ष रखीं।
घ्यान राईका संपर्क सड़क का भूमि पूजन
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल उपमंडल के अंतर्गत ग्राम पंचायत सरस्वतीनगर में घ्यान राईका संपर्क सड़क का भूमि पूजन भी किया। लगभग दो किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर करीब 90 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह सड़क सरस्वतीनगर, कठासू और बढ़ाल पंचायतों के लोगों के आवागमन तथा बागवानी की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
रोहड़ू में सुनी जनसमस्याएं
रोहड़ू प्रवास के दौरान शिक्षा मंत्री ने परिधि गृह में स्थानीय लोगों की समस्याएं एवं मांगें सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम में रोहड़ू मंडल अध्यक्ष शिवपाल ठाकुर, जुब्बल-कोटखाई मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र रेटका, नगर परिषद रोहड़ू अध्यक्ष प्यारे लाल आजाद, उपाध्यक्ष जितेंद्र चौहान, पार्षदगण, पंचायत समिति अध्यक्ष रोहड़ू ज्ञानपति, एसडीएम रोहड़ू धर्मेश रामौत्रा, अतिरिक्त निदेशक शिक्षा योगेश चौहान, उपनिदेशक शिक्षा लेखराज भारद्वाज, निशा भलूनी, विद्यालय प्रधानाचार्य अजीत वर्मा सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।











