प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजय सोलंकी अब भाजपा पर प्रहार, बोले पहले तेल निचोड़ लिया अब मुफ्त खल बांट रही है भाजपा

सिरमौर: चुनावी माहौल को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस भी आक्रामक मूड में आ गई है और प्रदेश की सत्ता में बैठी भाजपा पर रोज़ कोई ना कोई कांग्रेसी नेता नया हमला बोल देता है। मंगलवार को प्रेस बयान जारी करते हुए प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजय सोलंकी ने कहा कि भाजपा को प्रदेश में अब अपना जनाधार खोता हुआ नजर आ रहा है। साथ ही सोलंकी ने महंगाई का मुद्दा भी उठाया और कहा कि महंगाई ने जनता की कमर तोड़ के रख दी है। तो वहीं भाजपा जले पर नमक छिड़क रही है। सोलंकी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के द्वारा पहले डीजल और पेट्रोल के दाम अप्रत्याशित रूप से बड़वा दिए गए। बाद में उन्हें आमूलचूल कम कर अपने गाल खुद बजा रही है।

Ads

सोलंकी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार का रवैया कुछ ऐसा है कि जैसे सरसों में से एक एक बूंद तेल निचोड़ लो और सुखी खल जनता में मुफ्त बांट दो। यही नहीं सोलंकी ने कहा कि तेल और गैस की कीमतें ऐसे समय में बढ़ाई जब जनता 2 साल के लॉकडाउन से उभरने की कोशिश कर रही थी। उन्होंने कहा की चुनावी फायदा उठाने के बाद मोदी सरकार ने तुरंत तेल व गैस के दामों को बढ़ाकर अपनी मंशा साफ कर दी।
सोलंकी ने कहा कि इसी दौरान तेल की कीमतों के चलते महंगाई ने भी अपना चरम से भी चरम स्थान प्राप्त कर लिया।

उन्होंने कहा कि अब जनता अच्छी तरह से समझ चुकी है कि भाजपा केवल विकास के नाम पर मुनाफाखोरी की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि शिमला संसदीय क्षेत्र में विकास हाशिए पर जा चुका है। सड़कों की हालत बदहाल है। सांसद जनता के बीच से गायब है। सोलंकी ने यह भी कहा कि सिरमौर जिला से ताल्लुक रखने वाले सांसद सुरेश कश्यप अपने किए गए एक भी वायदे पर खरे नहीं उतरे हैं। ना तो सिरमौर को रेल दिला सके और ना ही जनजाति क्षेत्र का दर्जा मिल पाया है। केवल दर्जा दिलाए जाने का भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि गैस के दाम बढ़ाकर अब केवल उज्ज्वला योजना धारको के लिए ही कीमत थोड़ी सी कम की है जबकि मध्यम वर्गीय लोगों को जिनके पास पहले से सिलेंडर थे उन्हें इसका कोई लाभ नहीं मिल पाया है।
सोलंकी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद जिला सिरमौर आज भी पर्यटन के नजरिए से हास्य पर है। उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक के द्वारा सिरमौर के लोगों को नाहन से चूड़धार तक रोपवे के सपने दिखाए गए थे।

उन्होंने कहा कि जिला में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद और एक मंत्री सहित दो अन्य कद्दावर नेता होने के बावजूद रोपवे की योजना को सिरे नहीं चढ़ पाए। अजय सोलंकी ने कहा कि चुनावी वर्ष है जनता को झूठ बोलने वालों से थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पूर्व में रही कांग्रेस सरकार ने जो कहा वह करके दिखाया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के द्वारा इतने कार्य करवाए गए थे कि आज भाजपा उनके किए गए कार्यों का केवल श्रेय लेने में जुटी है।