Home Blog Page 5

महक रांचटा बनी जिला यूथ कांग्रेस शिमला की सचिव, युवाओं को संगठन से जोड़ना होगी प्राथमिकता

0

 

आदर्श हिमाचल ब्यूऱों

शिमला  । जिला यूथ कांग्रेस शिमला की नई कार्यकारिणी का आधिकारिक रूप से गठन किया गया। नई कार्यकारिणी में कोटखाई क्षेत्र के बागी गांव निवासी   स्वर्गीय  महेंद्र सिंह रांचटा की सपुत्री महक रांचटा  को जिला यूथ कांग्रेस शिमला की सचिव नियुक्त किया गया है।

 

महक रांघटा की नियुक्ति पर क्षेत्र के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशी व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि महक रांघटा संगठन को मजबूत करने, अधिक से अधिक युवाओं को कांग्रेस से जोड़ने तथा युवाओं की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

 

नवनियुक्त जिला यूथ कांग्रेस सचिव महक रांघटा ने पार्टी नेतृत्व एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को संगठन के साथ जोड़ना और उनकी आवाज को प्रभावी ढंग से उठाना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

 

जिला यूथ कांग्रेस शिमला की नई कार्यकारिणी में महक रांघटा की नियुक्ति को युवाओं के बीच संगठन को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

NEET में सफलता का परचम, शिमला के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान

0

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 

शिमला।सखी सहेली समूह द्वारा शिमला जिला से NEET परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के सम्मान में YWCA, माल रोड शिमला में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बृज सूद, अनीता सूद, मंजू सूद, श्वेता चौहान और कालपी शर्मा द्वारा किया गया।

 

 

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा, प्रदेश सचिव कुसुम सदरेट और भाजपा जिला शिमला अध्यक्ष केशव चौहान विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजकों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया तथा NEET परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

 

 

समारोह में पार्थ पंडित पुत्र राजीव पंडित, संचित छतवाल पुत्र तरुण छतवाल, वंशिका शर्मा पुत्री संजीव शर्मा, हर्ष पुत्र प्रदीप कुमार, गार्गी पुत्री रोशन लाल, सातव्य सूद, दीक्षा शर्मा, आरुषि कश्यप, नव्या कश्यप, रवीना चौधरी, सनविक चौहान, दैविक वर्मा, लविश श्रीवास्तव, प्रद्युम्न कौशल और शव्य को उनकी उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि NEET जैसी कठिन और अत्यंत प्रतिस्पर्धी परीक्षा में सफलता हासिल करना विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस सफलता के पीछे माता-पिता और शिक्षकों का त्याग, मार्गदर्शन और सहयोग भी महत्वपूर्ण है, इसलिए इस उपलब्धि के वास्तविक भागीदार वे भी हैं।

 

उन्होंने कहा कि देश में मेडिकल शिक्षा में प्रवेश की प्रक्रिया को एक समान और योग्यता आधारित बनाने की दिशा में राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा महत्वपूर्ण व्यवस्था बनी है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विद्यार्थियों को उनकी योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिले। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि डॉक्टर बनना केवल एक प्रतिष्ठित करियर नहीं, बल्कि समाज और मानवता की सेवा का बहुत बड़ा दायित्व भी है।

 

सुरेश भारद्वाज ने परीक्षा प्रणाली की शुचिता पर चर्चा करते हुए कहा कि पेपर लीक और परीक्षाओं में अनुचित साधनों का इस्तेमाल लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार ने Public Examinations (Prevention of Unfair Means) Act, 2024 के माध्यम से कठोर कानूनी प्रावधान किए हैं। संगठित अपराध की स्थिति में कानून में पांच से दस वर्ष तक की सजा और कम से कम एक करोड़ रुपये के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति हमेशा परिवर्तन की वाहक रही है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक युवाओं ने हर दौर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। शहीद भगत सिंह जैसे महान क्रांतिकारियों ने युवावस्था में ही राष्ट्र के लिए सर्वोच्च बलिदान देकर आने वाली पीढ़ियों के सामने आदर्श स्थापित किया। आज के युवाओं के सामने भी अपनी प्रतिभा और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाकर देश को आगे ले जाने का अवसर है।

 

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार युवाओं के साथ संवाद स्थापित कर उनके विचारों, आकांक्षाओं और नवाचार को महत्व दे रहे हैं। शिक्षा, तकनीक, स्टार्टअप, कौशल विकास और अनुसंधान के क्षेत्र में भारत के युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें और अपने ज्ञान का उपयोग समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सेवा में करें।

 

 

सुरेश भारद्वाज ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में कदम रखने वाले इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए यह सफलता मंजिल नहीं बल्कि एक नई यात्रा की शुरुआत है। आने वाले वर्षों में यही विद्यार्थी चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि चिकित्सा ज्ञान के साथ करुणा, संवेदनशीलता, ईमानदारी और सेवा भाव एक अच्छे चिकित्सक की सबसे बड़ी पहचान होनी चाहिए।

 

कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं आयोजकों ने भी सभी सफल विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिमला के युवाओं की ऐसी उपलब्धियां पूरे जिले और प्रदेश के लिए गौरव का विषय हैं तथा अन्य विद्यार्थियों को भी कठिन परिश्रम कर अपने लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा देती हैं।

कांग्रेस सरकार की नीतियों से हर वर्ग दुःखी : जयराम ठाकुर

0

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 

शिमला । ​पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला से जारी प्रेस बयान में हिमाचल प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार के कामकाज, नीतिगत निर्णयों और जनविरोधी रवैये पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि राज्य में आज ऐसा कोई वर्ग नहीं बचा है जो इस सरकार के गलत, अव्यवहारिक और मनमाने फैसलों से बुरी तरह प्रभावित न हुआ हो। स्वास्थ्य, शिक्षा और प्रदेश की रीढ़ मानी जाने वाली बागवानी अर्थव्यवस्था तीनों प्रमुख स्तंभ आज सुक्खू सरकार की प्रशासनिक विफलता, लापरवाही और मनमानी के कारण संकट के दौर से गुजर रहे हैं।

 

प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र का हाल यह हो गया है कि मरीजों को केंद्र की आयुष्मान भारत और राज्य की हिमकेयर योजना जैसी अति-महत्वकांक्षी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलना बंद हो गया है। सरकारी सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों तक में प्रोस्टेट कैंसर जैसे गंभीर रोगों के लिए आवश्यक टीकों की आपूर्ति ठप पड़ी है और सिविल सप्लाई की दुकानों के बकाया भुगतान न होने तथा बारकोड संबंधी तकनीकी खामियों के कारण गरीब मरीजों को लगभग 12,000 रुपये का भारी-भरकम बोझ उठाकर निजी मेडिकल स्टोरों से दवाइयां और हजारों रुपये खर्च कर निजी क्लीनिकों में एमआरआई कराने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

 

 

दूसरी ओर, शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) समेत अन्य विश्वविद्यालयों में की गई भारी फीस वृद्धि ने गरीब और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले छात्रों का भविष्य अंधकारमय कर दिया है। जिसकी वजह से छात्रहित से जुड़े संग्रह फीस को वापस लेने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन और भूख हड़ताल करने पर विवश होना पड़ रहा है, फिर भी सरकार संवेदनहीन बनी हुई है।

 

 

सबसे चिंताजनक स्थिति प्रदेश के बागवानों की है, जिनकी 5,500 करोड़ रुपये की वार्षिक सेब अर्थव्यवस्था को सुक्खू सरकार के नए नियमों, प्रतिबंधों और दंडात्मक कार्यप्रणाली ने तबाह कर दिया है। कांग्रेस ने बागवानों को सेब का दाम ख़ुद तय करने की गारंटी देकर सत्ता में आई लेकिन अब सेब बेचने पर नोटिस भेज कर उन्हें प्रताड़ित कर रही है। सेब सीजन के चरम पर राहत देने के बजाय सरकार बागवानों पर बंदिशें थोप रही है। एमआईएस (मार्केट इंटरवेंशन स्कीम) के तहत केवल 100 से अधिक बोरियां सेब बेचने वाले हजारों मेहनती बागवानों को एसडीएम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार कार्यालयों में तलब कर भू-दस्तावेज और आधार कार्ड लेकर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के नोटिस थमाए जा रहे हैं, जबकि वर्ष 2024-25 और 2025-26 के करीब 80 करोड़ रुपये का बकाया भुगतान अब तक अटका हुआ है। इसके अतिरिक्त, पैकिंग के लिए गनी बैग (बोरी) खरीदने पर केवल 30 बैग की अव्यवहारिक सीमा तय करके सरकार ने उन किसानों के सामने संकट खड़ा कर दिया है जिनके बगीचों में सैकड़ों-हजारों पेटियां सेब तैयार हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार किसान-विरोधी रुख अपनाकर कुछ चुनिंदा सिंडिकेटों को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है।

 

 

जयराम ठाकुर कहा कि सुक्खू सरकार की इन जनविरोधी नीतियों, प्रशासनिक अव्यवस्थाओं और किसान-छात्र-मरीज विरोधी रवैये के कारण पूरे प्रदेश में व्यापक जन-आक्रोश पनप रहा है, और यदि सरकार ने इन तानाशाही फैसलों तथा नोटिसों को तुरंत वापस लेकर जनता को राहत नहीं दी तो प्रदेश भर में उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाना तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा इन मुद्दों को विधानसभा में भी उठाएगी और सरकार को गलत फैसले लेने से रोकेगी।

हिमाचल में AAP का सदस्यता अभियान तेज, शिमला में एक दिन में जुड़े करीब 40 नए सदस्य

0

आदर्श हिमाचल ब्यूरों 

शिमला। आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश द्वारा प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों में सदस्यता अभियान लगातार जोर-शोर से चलाया जा रहा है। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. राजेश चानना ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सदस्यता अभियान को जनता का भरपूर सहयोग और स्नेह मिल रहा है तथा बड़ी संख्या में लोग आम आदमी पार्टी से जुड़ रहे हैं।

 

डॉ. चानना ने बताया कि सोमवार को शिमला विधानसभा क्षेत्र के कृष्णा नगर स्थित लव-कुश चौक पर आम आदमी पार्टी की सदस्यता के लिए कैनोपी लगाई गई। इस दौरान करीब 40 नए लोगों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने कहा कि शिमला विधानसभा क्षेत्र में अगले तीन दिनों तक सदस्यता अभियान कृष्णा नगर में ही जारी रहेगा।

 

उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रभारी  ऋतुराज गोविंद झा अपनी टीम के साथ मंडी और कांगड़ा क्षेत्रों में लगातार सदस्यता अभियान चला रहे हैं। इन क्षेत्रों में भी पार्टी को लोगों का सकारात्मक समर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग संगठन से जुड़ रहे हैं।

 

 

डॉ. चानना ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस और भाजपा दोनों ही बड़े राजनीतिक दलों की नीतियों और कार्यप्रणाली से परेशान है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में आम आदमी पार्टी की ओर उम्मीद से देख रही है और इसी का परिणाम है कि प्रदेश में लोग लगातार आम आदमी पार्टी का दामन थाम रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का उद्देश्य प्रदेश की जनता की आवाज को मजबूती से उठाना और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देना है। सदस्यता अभियान के माध्यम से पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जा रहा है।

शिक्षा मंत्री ने भोलाड में किये विभिन्न परियोजनाओं के भूमिपूजन, निरीक्षण और उदघाटन

0

 

जुब्बल । शुराचली क्षेत्र के प्रवास पर शिक्षा मंत्री ने जिला स्तरीय राथल मेला के अंतिम दिवस में पहुंचकर देवताओं का आशीर्वाद लिया और सांस्कृतिक कार्यक्रम में बतौर मुख्यतिथि शिरकत की। इससे पूर्व उन्होंने ग्राम पंचायत भोलाड़ के अंतर्गत अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लिया जिसके अंतर्गत उन्होंने 8 करोड़ 60 लाख से स्त्रोन्नत वाली क्यारा भौवां सड़क का भूमि पूजन किया, साथ ही 1 करोड़ 87 लाख रूपये से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोलाड़ के निर्माण कार्य निरिक्षण किया और भोलाड़ में 3 लाख रूपये से निर्मित एक जिम का उदघाटन भी किया।

 

 

 

सड़कें है पहाड़ों की जीवन रेखा

 

रोहित ठाकुर ने बताया कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कों का निर्माण एक ज़रूरी और महत्वपूर्ण कार्य है। क्यूंकि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के चलते सड़क निर्माण से ही गाँव-गाँव तक विकास कार्य पुरे किये जा सकते है और मूलभूत आवश्यकताओं को हर व्यक्ति तक पहुँचाया जा सकता है। बागवानी बहुल क्षेत्र होने के कारण सड़कों का महत्व और भी बढ़ जाता है क्यूंकि सड़को के माध्यम से ही बागवान समय पर अपने उत्पाद को बाजार तक पहुंचा सकता है। इसलिए वह सड़कों को पहाड़ों की भाग्य रेखा की संज्ञा देते है। इसी दृष्टिकोण से आज उनके विधानसभा में 182 नई सड़को का निर्माण हुआ है और यह प्रक्रिया निरंतर जारी है। उन्होंने बताया की वर्तमान में जुब्बल नावर कोटखाई के अंतर्गत लोकनिर्माण विभाग के अधीन 550 करोड़ रुपए के विकास कार्य प्रगति पर है जिसके तहत विभिन्न सड़कों और भवनों का निर्माण हो रहा है।

 

शुराचली क्षेत्र से है विशेष सम्बन्ध* उन्होंने बताया कि शुराचली से उनका एक भावनात्मक और पारिवारिक सम्बन्ध है और यहाँ के विकास को वह सदैव प्राथमिकता देते हैँ। इस क्षेत्र के सबसे महत्वपूर्ण और मुख्य मार्ग सरस्वती नगर झड़ाशली मार्ग को 17 करोड़ रूपये की लागत से स्त्रोन्नत किया जा रहा है। साथ ही 4 करोड़ रूपये की लागत से 15 नई सड़कों का निर्माण किया गया है। 11 नई सड़कों को पक्का किया गया एवं वार्षिक मुरम्मत योजना के अंतर्गत 1 करोड़ रुपए की लागत से 5 किलोमीटर लम्बी भोलाड़ छुपाड़ी सड़क को भी स्तरोन्नत किया गया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोलाड़ का निर्माण कार्य 1 करोड़ 83 लाख रूपये की लागत से प्रगति पर है जोकि शुराचली क्षेत्र में एक बड़ा और महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संस्थान होगा और स्थानीय नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाएं घर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। शिक्षा मंत्री ने निर्माण कार्यों से जुड़े अधिकारियों को इसे इसी वर्ष नवंबर के महीने में पूरा करने का लक्ष्य दिया है। इसके अतिरिक्त पब्बर नदी पर चामशू में एक बड़े पुल का निर्माण हो रहा है जिस पर 5 करोड़ 55 लाख रूपये का व्यय हो रहा है। इस पुल के बनने से न केवल जुब्बल अपितु रोहडू विधानसभा क्षेत्र के लोग भी लाभान्वित होंगे।

 

 

ंशिक्षा मंत्री ने की जिला स्तरीय राथल मेले में शिरकत


शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने जुब्बल उपमंडल में शुराचली क्षेत्र के अंतर्गत ऐतिहासिक और प्रसिद्ध जिला स्तरीय राथल मेले मे शिरकत की। शुराचली क्षेत्र के इस मेले का इतिहास सदियों पुराना है और इस मेले को बड़े उत्साह से और श्रद्धा के साथ मनाया जाता रहा है। यह मेला स्थानीय जनता की आस्था का प्रतीक है। इस मेला में क्षेत्र के 4 प्रमुख देवता बनाड़, देशमौलिया, पवासी और गुडारू भाग लेते है जिनका सम्बन्ध क्रमशः शराचली क्षेत्र सहित मांदल, ढाडी, भोलाड़ और छुपाड़ी गाँव से है। इस मेला में स्थानीय जनता के साथ-साथ पड़ोसी क्षेत्र रोहड़ू से भी बड़ी संख्या में लोग भाग लेते है। रोहित ठाकुर ने ऐतिहासिक मेले के अवसर पर सभी देवताओं का आशीर्वाद लिया और क्षेत्र वासियों व मेले में आए हुए श्रद्धालुओं को राथल मेले की बधाइयाँ दी। उन्होंने बताया कि मेले और त्यौहार हमारी समृद्ध संस्कृति का प्रतीक है और यह आवश्यक है कि हम सब इन सांस्कृतिक धरोहरो को संजो कर रखें जिससे हमारी महान और अनूठी देव संस्कृति अनंत काल तक संरक्षित रह सके।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए बताया कि हमारी संस्कृति हमें आपसी प्रेम सद्भाव और मेलजोल का संदेश देती है और हमें जहाँ वर्त्तमान वैज्ञानिक युग में वैश्विक परिस्थितियों में सबके साथ आगे बढ़ना होगा। वहीं यह भी ज़रूरी है कि हम अपनी पुरातन और मूल संस्कृति से जुड़े रहे।

 

इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गए जिसमें हिमाचल के नामचीन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से सबको झूमने पर विवश किया।

इस अवसर पर जुब्बल कोटखाई नावर कांग्रेस मण्डल अध्यक्ष जितेन्द्र मेहता, जिला परिषद सदस्य सरस्वती नगर नेहा मेहता, निदेशक हिमफेड भीम सिंह झोहटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोतीलाल सिद्वटा, पंचायत समिति अध्यक्षा कमलेश ठाकुर, उपाध्यक्ष लोकपाल शरखोली, पूर्व पंचायत समिति उपाध्यक्ष संदीप सेहटा, पूर्व जिला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक काल्टा, बीडीसी अध्यक्षा कमलेश झगटा, प्रधान ग्राम पंचायत भौलाड़ प्रेमलाल रुनेटा, साथ लगती पंचायतों के जन प्रतिनिधियों सहित उपमंडलाधिकारी जुब्बल गुरमीत नेगी, नायब तहसीलदार सरस्वतीनगर दिनेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

 

 

 

विधान सभा अध्यक्ष ने चम्बा में हुई हृदयविदारक सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक प्रकट किया।

0

आदर्श हिमाचल ब्यूरों 

 

शिमला।    हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने आज सुबह जिला चम्बा के भरमौर क्षेत्र में बैरागढ़ से चम्बा की ओर आ रही निजी बस ‘शर्मा कोच’ के चालुंज नामक स्थान पर    दुर्घटनाग्रस्त होने  पर अत्यन्त गहरा दु:ख  प्रकट किया है। गौरतलब है कि इस भीषण सड़क हादसे में बस अचानक अनियंत्रित होकर  चालुंज मोड़ के पास पलट गई और सीधे नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। यह दुर्घटना इतनी भयानक थी कि इसमें मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य घायल हो गए।

 

 

                   विधान सभा अध्यक्ष ने घटना का तुरन्त संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और पुलिस महकमे को युद्व स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होने अधिकारियों को स्पष्ट आदेश दिए कि घटनास्थल पर तुरन्त मदद पहुँचाई जाए और सभी घायलों को बिना किसी देरी के बेहतरीन और नि:शुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलव्ध करवाई जाएं।

 

 

                   अपने शोक सन्देश में पठानियां ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यन्त विनाशकारी  तथा बेहद दु:खद  थी जिसका शब्दों  में वर्णन नहीं किया जा सकता । पठानियां ने  आमजन से आग्रह किया  कि बरसात के इस मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें तथा तभी सफर करें यदि आवश्यक हो। उन्होने कहा कि  इस तरह  की घटनाएं  आए दिन बढ़ती जा रही हैं इसलिए हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपना बचाव स्वयं  करें।

 

                        विधान सभा अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की है। पठानियां ने इस  हादसे मे मारे गए सभी  परिवारों  को इस असहनीय दु:ख  को सहन करने की परमपिता परमात्मा से  शक्ति प्रदान करने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने  की कामना की है।

डीसी अनुपम कश्यप की उपलब्धि का सम्मान, ‘इंडियन हीरोज अवार्ड 2026’ से नवाजा गया

0

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला ‌। ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन शिमला ने शिमला शहर के जिलाधीश  अनुपम कश्यप को फेम इंडिया मैगजीन 100 DM रैंकिंग में शिमला शहर के जिलाधीश  अनुपम कश्यप को 8 रैंक आने पर इंडिया हीरोज़ अवार्ड देकर उनको सम्मानित किया ।

 

ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन शिमला के सदस्य  हिमांशु कुमरा ने शिमला के जिलाधीश  अनुपम कश्यप  को उनके कार्यालय में जाकर,पहाड़ी,टोपी ,मोफ़लर,मोमेंटो, व सर्टिफिकेट देकर उन्हें समानित किया ।

 

हिमांशु कुमरा ने बताया कि ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन मुंबई [AIAA]जिसके अध्यक्ष बॉलीवुड अभिनेता  रोहिताश गौर है व  रेखा गौर ने  अनुपम कश्यप  का नाम इंडियन हीरोज़ अवार्ड 2026 के लिए चुना है ।

 

हिमांशु कुमरा ने इस उपलब्धि के लिये अनुपम कश्यप  को ऑल इंडिया आर्टिस्ट एसोसिएशन शिमला की तरफ से हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी

इंडिया न्यूज़ कॉन्क्लेव में सुक्खू सरकार पर बरसे बिंदल, बोले—कांग्रेस प्रत्याशियों से लिया जाएगा हर गारंटी का हिसाब

0

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इंडिया न्यूज़ कॉन्क्लेव में प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव से पहले 10 गारंटियों के नाम पर हिमाचल की जनता से वोट लेने वाली कांग्रेस सरकार आज पौने चार वर्ष बाद भी अपने अधिकांश वादे पूरे करने में विफल रही है। प्रदेश की जनता अब गारंटियों का इंतजार नहीं, बल्कि उनका हिसाब मांग रही है।

 

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने मातृ शक्ति को हर महीने 1500 रुपये देने का वादा किया था। लाखों महिलाओं ने इस भरोसे पर कांग्रेस का साथ दिया, लेकिन आज भी अधिकांश महिलाओं को इस योजना का लाभ नहीं मिला। अब प्रदेश की माताएं-बहनें चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशियों को 1500 रुपये के बकाये का प्रतीकात्मक बिल थमाकर पूछेंगी कि आखिर उनका अधिकार कब मिलेगा। यह केवल 1500 रुपये का बिल नहीं होगा, बल्कि कांग्रेस के झूठे वादों और विश्वासघात का हिसाब होगा।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं से एक लाख सरकारी नौकरियां देने का वादा किया था। प्रदेश के लाखों शिक्षित बेरोजगार युवाओं ने रोजगार की उम्मीद में कांग्रेस पर भरोसा किया, लेकिन आज भी युवा रोजगार कार्यालयों और भर्ती परीक्षाओं की घोषणाओं के बीच भटक रहे हैं। भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, रोजगार के सीमित अवसर और युवाओं में बढ़ती निराशा कांग्रेस सरकार की सबसे बड़ी विफलता है। आने वाले चुनावों में युवा कांग्रेस से पूछेंगे कि एक लाख नौकरियां कहां हैं।

 

डॉ. बिंदल ने कहा कि कर्मचारियों, पेंशनरों, किसानों, बागवानों और हर वर्ग से बड़े-बड़े वादे किए गए थे। महंगाई कम करने, व्यवस्था सुधारने और आर्थिक राहत देने की बातें की गईं, लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। प्रदेश पर कर्ज लगातार बढ़ रहा है, विकास कार्य प्रभावित हैं और जनता पर नए आर्थिक बोझ डाले जा रहे हैं। सरकार के पास अपनी उपलब्धियां गिनाने के लिए विज्ञापन और आयोजन हैं, लेकिन जनता को दिखाने के लिए गारंटियों की कोई ठोस उपलब्धि नहीं है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और कांग्रेस सरकार जनता के सवालों से बच नहीं सकते। चुनाव के समय जो वादे किए गए थे, उनका जवाब देना ही होगा। अब हर गांव, हर पंचायत और हर विधानसभा क्षेत्र में जनता कांग्रेस से पूछेगी कि 10 गारंटियों का क्या हुआ। मातृ शक्ति 1500 रुपये का हिसाब मांगेगी, युवा रोजगार का हिसाब मांगेंगे, कर्मचारी अपने वादों का हिसाब मांगेंगे और किसान-बागवान अपनी घोषणाओं का जवाब मांगेंगे।

 

 

डॉ. बिंदल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की आवाज बनकर कांग्रेस सरकार की हर विफलता को उजागर करती रहेगी। आने वाला चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन का नहीं, बल्कि कांग्रेस से उसके झूठे वादों का हिसाब लेने का चुनाव होगा। हिमाचल की जनता अब आश्वासनों से नहीं, परिणामों से सरकार को परखेगी और कांग्रेस को उसकी हर अधूरी गारंटी का लोकतांत्रिक जवाब देगी।

‘नशा रोकना सिर्फ पुलिस का काम नहीं’— शिमला विश्वविद्यालय से डीजीपी अशोक तिवारी का बड़ा संदेश

0

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 

शिमला । (एपीजी) विश्वविद्यालय में हिमाचल प्रदेश पुलिस विभाग और यूनिवर्सिटी प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में ‘बियोंड ड्रीम्स: बिल्डिंग सेफर एंड स्ट्रॉन्गर यूथ’ विशेष जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। हिमाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक आईपीएस अशोक तिवारी ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जहाँ विश्वविद्यालय परिवार द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस विशेष मंच से युवाओं को चिट्टे (हेरोइन) जैसे घातक नशे की दलदल से बचाने और साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के लिए एक बड़ा संदेश दिया गया।

 

‘यूनिफॉर्म से नहीं, जज्बे से बनती है पुलिस’ –डीजीपी अशोक तिवारी
विद्यार्थियों और शिक्षकों को सीधे संबोधित करते हुए डीजीपी अशोक तिवारी ने समाज में पुलिस के प्रति पारंपरिक सोच को बदलने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बचपन से ही घरों में पुलिस को लेकर गलत दृष्टिकोण बनाया जाता है, जबकि पुलिस आपकी सच्ची दोस्त है। यूनिफॉर्म पहन लेने भर से कोई पुलिस वाला नहीं बन जाता, इसके लिए समाज और राष्ट्र सेवा का सच्चा जज्बा चाहिए। उन्होंने कहा कि नशे और अपराध जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए सिर्फ पुलिस बल काफी नहीं है, बल्कि इसके लिए हर नागरिक, समुदाय और युवा की भागीदारी से एक जनांदोलन खड़ा करने की आवश्यकता है।

 

काउंसलिंग यूनिट्स की पहल:

डीजीपी ने सभी शिक्षण संस्थानों में नशा-विरोधी काउंसलिंग यूनिट्स स्थापित करने का आह्वान किया और इसमें पुलिस विभाग के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
युवाओं को निमंत्रण:

विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली और विभिन्न यूनिट्स के कामकाज को करीब से समझने के लिए आमंत्रित किया गया।
‘कैंपस में नशे पर ज़ीरो टॉलरेंस’ – विश्वविद्यालय

शिमला विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. डॉ. आर.एल. शर्मा ने स्वागत भाषण में हिमाचल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस विशेष अभियान की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिमला विश्वविद्यालय नशीले पदार्थों के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रहा है। सामूहिक प्रयासों से ही प्रदेश की युवा पीढ़ी को भटकने से बचाकर मुख्यधारा से जोड़े रखा जा सकता है।

 

साइबर सुरक्षा और कानून की दी गई अहम जानकारी:
कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग की इंस्पेक्टर रीना, कांस्टेबल आनंदिनी और कांस्टेबल निकिता ने प्रदेश में जिलावार अपराधों, दुर्घटनाओं और धोखाधड़ी से बचने के उपायों पर प्रकाश डाला। साइबर क्राइम हेल्पलाइन: साइबर अपराध या वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी गई, कानूनी जानकारी: एनडीपीएस एक्ट, 1985 के प्रावधानों से छात्रों को अवगत कराया गया, लघु फिल्म के माध्यम से प्रदर्शित किया गया कि कैसे जन-भागीदारी से चिट्टे के नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सकता है।

 

पोस्टर मेकिंग, नाटक और कविता से युवाओं ने जगाई
नशे के खिलाफ जागरूकता को रचनात्मक रूप देते हुए विद्यार्थियों ने पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक और कविता पाठ के जरिए नशे के दुष्परिणामों को रेखांकित किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में बीएलएलबी की छात्रा आयुषी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, अंजना पांडे ने द्वितीय और अलीशा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, वहीं अन्य श्रेणी में आयुष टंडन ने प्रथम और दिव्या ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को डीजीपी अशोक तिवारी ने प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर शिमला विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर प्रो. डॉ. रमेश चौहान, डीन एकेडमिक्स प्रो. डॉ. आनंद मोहन शर्मा, डीन फैकल्टी एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रो. डॉ. अश्वनी शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. डॉ. नीलम शर्मा, डीन मैनेजमेंट डॉ. नीति नाग, डॉ. ज्योत्सना शर्मा सहित विभिन्न संकायों के अध्यक्ष, प्राध्यापक व भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

सचिवालय से नियुक्तियों तक चहेतों का कब्जा, हिमाचल में सिंडिकेट चला रही सरकार : राजिंदर राणा

0

आदर्श हिमाचल ब्यूरों 

शिमला। भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता राजिंदर राणा ने आज शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार किसी मुख्यमंत्री को ऐसे पांच “खिताब” मिले हैं, जिनके लिए प्रदेश की जनता उन्हें हमेशा याद रखेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को उत्तर भारत का सबसे अमीर मुख्यमंत्री घोषित होने का खिताब मिला, प्रदेश के इतिहास में सबसे अधिक कर्ज लेने वाले मुख्यमंत्री का रिकॉर्ड उनके नाम है, मित्रों और चहेतों को खुली लूट की छूट देने का आरोप उन्हीं पर लग रहा है, सबसे अधिक झूठ बोलने वाले मुख्यमंत्री के रूप में उनकी पहचान बन चुकी है और राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से सबसे अधिक झूठे मुकदमे दर्ज करवाने का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज हो चुका है।

 

राजिंदर राणा ने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश में लोकतांत्रिक सरकार नहीं बल्कि “मित्रों का सिंडिकेट” शासन चला रहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय के इर्द-गिर्द कुछ ऐसे लोगों का समूह सक्रिय है जिनके पास न कोई संवैधानिक पद है और न ही प्रशासनिक जिम्मेदारी, लेकिन वही सरकार चलाने का काम कर रहे हैं। सचिवालय में अधिकारियों की नियुक्तियों से लेकर फैसलों तक, हर जगह इन्हीं लोगों का प्रभाव दिखाई देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता के टैक्स का पैसा विकास पर खर्च होने की बजाय दर्जनों OSD, सलाहकारों, मीडिया सलाहकारों और राजनीतिक नियुक्तियों पर खर्च किया जा रहा है।

 

 

उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्रियों—डॉ. वाई.एस. परमार, शांता कुमार, प्रेम कुमार धूमल, वीरभद्र सिंह और जयराम ठाकुर—के समय सीमित संख्या में राजनीतिक नियुक्तियां होती थीं, लेकिन वर्तमान सरकार ने रिकॉर्ड संख्या में सलाहकार और OSD नियुक्त कर सरकारी खजाने पर अनावश्यक बोझ डाल दिया है। जनता के पैसों का उपयोग राजनीतिक संरक्षण देने के लिए किया जा रहा है।

 

 

राजिंदर राणा ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य बनने के बाद लगभग पांच दशकों में जितना कर्ज लिया गया, वर्तमान सरकार ने अपने कार्यकाल में ही रिकॉर्ड स्तर पर कर्ज लेकर प्रदेश को आर्थिक संकट के मुहाने पर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार नया कर्ज लेकर पुराना कर्ज चुका रही है, लेकिन विकास कार्य धरातल पर कहीं दिखाई नहीं देते। केंद्र सरकार से राष्ट्रीय राजमार्गों, आपदा राहत तथा विभिन्न विकास योजनाओं के लिए हजारों करोड़ रुपये मिलने के बावजूद सड़कें बदहाल हैं, पुल क्षतिग्रस्त हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों का आवागमन कठिन बना हुआ है।

 

 

उन्होंने कहा कि हिमाचल सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में पीछे जा रहा है। HRTC आर्थिक संकट से जूझ रही है, अनेक बस रूट बंद हो चुके हैं, डीजल और स्पेयर पार्ट्स तक की कमी की शिकायतें सामने आ रही हैं। गरीब और दूरदराज़ के क्षेत्रों के लोग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारियों को समय पर वित्तीय लाभ नहीं मिल रहे, पेंशनभोगी परेशान हैं और सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित रह गई है।

 

 

भाजपा वरिष्ठ प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रदेश की लाभ कमाने वाली सरकारी संपत्तियों को भी निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पर्यटन निगम के लाभ अर्जित करने वाले होटल तथा दिल्ली स्थित हिमाचल निकेतन जैसी महत्वपूर्ण परिसंपत्तियों को निजी हितों के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश की जा रही है। यदि सरकार की नीयत साफ है तो इन योजनाओं को सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा।

 

राजिंदर राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री विपक्ष की आवाज़ दबाने के लिए पुलिस और प्रशासन का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं पर लगातार झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं ताकि सरकार की विफलताओं से जनता का ध्यान हटाया जा सके। उन्होंने कहा कि सत्ता हमेशा स्थायी नहीं होती और जो अधिकारी राजनीतिक दबाव में कानून का दुरुपयोग करेंगे, उन्हें भविष्य में उसके लिए जवाब देना होगा।

 

 

उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा लगाए गए “बिकने” के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि यदि सरकार के पास कोई प्रमाण है तो उसे अदालत में प्रस्तुत करे। उन्होंने कहा कि उनके बैंक खातों से लेकर व्यक्तिगत जीवन तक की जांच करवाई गई, लेकिन आज तक एक भी आरोप सिद्ध नहीं हो पाया। इससे स्पष्ट है कि सरकार केवल राजनीतिक बदले की भावना से झूठे आरोप लगाकर चरित्र हनन का प्रयास कर रही है।

 

 

राणा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह एकजुट है और पार्टी का एक ही गुट है—कमल का फूल। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों के अनुसार संगठन को मजबूत करने में जुटा है। इसके विपरीत कांग्रेस के भीतर ही मुख्यमंत्री के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं और पार्टी के अंदर असंतोष लगातार बढ़ रहा है।

 

उन्होंने कहा कि पंचायत, नगर निकाय और जिला परिषद चुनावों में जनता ने कांग्रेस सरकार को स्पष्ट संदेश दे दिया है। यह केवल ट्रेलर था, असली जवाब 2027 के विधानसभा चुनाव में मिलेगा। प्रदेश की महिलाएं, कर्मचारी, युवा, किसान, बागवान, व्यापारी और आम जनता कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी, आर्थिक कुप्रबंधन, बढ़ते कर्ज, प्रशासनिक अराजकता और राजनीतिक प्रतिशोध से पूरी तरह निराश हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता इस सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।

राजिंदर राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री को राजनीतिक विरोधियों पर मुकदमे दर्ज करवाने की बजाय प्रदेश की बिगड़ती आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी, जर्जर सड़कें, कर्मचारियों की समस्याएं, पर्यटन क्षेत्र की बदहाली और जनता से किए गए वादों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता सब देख रही है और समय आने पर लोकतंत्र के माध्यम से इसका उचित जवाब देगी।

Shoolini University

Latest article

14 साल की कामयाबी का जश्न, एपीजी शिमला विश्वविद्यालय में शिक्षकों को मिला सम्मान

  आदर्श हिमाचल ब्यूरों शिमला । एपीजी शिमला विश्वविद्यालय ने शुक्रवार को अपने 14वें स्थापना दिवस के साथ शिक्षक दिवस भी उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण...

हृदय चिकित्सा में बड़ी कामयाबी: IGIMS पटना ने सफलतापूर्वक की पहली TAVI प्रक्रिया

आदर्श हिमाचल ब्यूरों पटना/ शिमला। गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (IGIMS), पटना ने अपना पहला ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वाल्व इम्प्लांटेशन (TAVI) प्रोसीजर सफलतापूर्वक किया है, जो...

जाति, धर्म और संप्रदाय के आधार पर देश को बांटने की राजनीति स्वीकार्य नहीं,...

  आदर्श हिमाचल ब्यूरों  शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोमवार को शिमला के बालूगंज चौक पर स्थानीय लोगों एवं भाजपा...